करण जौहर की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में साथ काम कर रहे रणबीर कपूर और आलिया भट्ट का अफेयर इन दिनों सुर्खियों में है। दिलचस्प बात यह है कि आलिया भट्ट रणबीर कपूर की दो एक्स गर्लफ्रेंड्स- दीपिका पादुकोण और कटरीना कैफ की भी बेस्ट फ्रेंड हैं। माना जा रहा था कि रणबीर कपूर से नजदीकियों की वजह से आलिया भट्ट की दोस्ती पर असर पड़ सकता है। मगर असलियत कुछ और ही है।
एक अखबार को दिए इंटरव्यू में आलिया भट्ट ने कहा, 'मुझे कभी भी ऐसी फिल्म ऑफर नहीं की गई जिसमें दो या उससे ज्यादा एक्ट्रेसेज हों। मैं ऐसी फिल्म करना चाहती हूं जिसमें सिर्फ महिलाएं हों।' उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है ऐसी फिल्म में काम करना मजेदार होगा।'
जब आलिया से पूछा गया कि वह किस हीरोइन के साथ काम करना चाहेंगी तो उन्होंने खुलासा किया है कि उन्होंने कटरीना कैफ और दीपिका पादुकोण के साथ एक समझौता किया है। एक्ट्रेस ने कहा, 'कटरीना (कैफ) मेरे करीबी दोस्तों में से हैं। हम हमेशा साथ फिल्म करने की बातें करते हैं। ऐसा ही रिश्ता दीपिका (पादुकोण) से भी है।' उन्होंने कहा, 'ऐसी पावरफुल महिलाओं के साथ काम करना शानदार होगा। मैंने दीपिका और कटरीना के साथ पैक्ट किया है हम साथ में फिल्में करेंगे।'
बॉलीवुड फिल्मों में एक्ट्रेसेज को ऑफर हो रहे दमदार किरदारों पर आलिया ने कहा, 'वैसे तो हीरोइनों को मिलने वाले किरदारों में सुधार हुआ है मगर अभी भी लंबा सफर तय करना है।' उन्होंने कहा, 'सबसे अच्छी बात यह है कि अब एक्ट्रेसेज एक दूसरे के साथ खड़ी हैं। मैं चिक-फ्लिक (जिस फिल्म की लीड किरदार महिला हो) में काम करने के लिए हमेशा तैयार हूं।'
आलिया भट्ट ने हाल ही में बुल्गारिया में फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' के पहले शेड्यूल की शूटिंग पूरी की है। इसकी शूटिंग के दौरान उनके कंधे में चोट भी लगी। हालांकि, वह मुंबई लौटते ही रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 'गली ब्वॉय' की शूटिंग में जुट गई हैं। गौरतलब है कि जल्द लोगों को मल्टी-एक्ट्रेसेज वाली फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' लोगों को देखने मिलेगी। करीना कपूर, सोनम कपूर, स्वरा भास्कर और शिखा तलसानिया स्टारर इस फिल्म को एकता कपूर और रिया कपूर ने मिलकर प्रोड्यूज किया है। यह फिल्म 1 जून को रिलीज होगी।