अभिनेता अक्षय कुमार अब परदे पर 'सूर्यवंशी' बनने जा रहे हैं, निर्देशक रोहित शेट्टी की फिल्म सिम्बा इसका खुलासा करती है। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा ये है कि ये फिल्म महाराष्ट्र के पूर्व एटीएस चीफ के पी रघुवंशी की बायोपिक है।
महाराष्ट्र के नक्सली उग्रवादियों से मुकाबला करने के लिए आईपीएस अधिकारी के पी रघुवंशी ने स्थानीय लोगों को लेकर एक क्रैक टीम बनाई थी जिसका नाम उन्होंने रखा था सी 60 (क्रैक 60)। इसी नाम से दो साल पहले एक स्क्रिप्ट मशहूर लेखक व गीतकार जलीस शेरवानी ने लिखी थी। जलीस शेरवानी का इसी साल निधन हो चुका है और बताया जाता है कि उनकी लिखी स्क्रिप्ट अब भी अक्षय कुमार के पास है।
यहां ये भी उल्लेखनीय है आईपीएस के पी रघुवंशी का कार्यकाल काफी विवादों से घिरा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने साल 2010 में उन्हें महाराष्ट्र एटीएस चीफ से हटाने के निर्देश जारी किए थे, तब रघुवंशी ने पाकिस्तान से संबंध रखने वाले दो कथित आतंकवादियों के बारे में सूचनाएं मीडिया को लीक कर दी थीं।
इस बारे में अमर उजाला ने जब दुबई में नए साल की छुट्टियां मना रहीं प्रोड्यूसर मंजू भारती से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि एटीएस के पूर्व मुखिया के पी रघुवंशी की बायोपिक बनाने के अधिकार उनके पास ही हैं और रोहित शेट्टी ने अक्षय कुमार के साथ जिस फिल्म को बनाने का संकेत सिम्बा में दिया है, वह उनकी ही फिल्म है।
वहीं, इस बारे में रोहित शेट्टी से जब इस बारे में सपर्क किया गया तो उनके आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि सूर्यवंशी फिल्म के निर्माता रिलायंस एंटरटेनमेंट और रोहित शेट्टी हैं और यह एक नई स्क्रिप्ट होगी, जिस पर अभी काम चल रहा है और इसका के पी रघुवंशी की बायोपिक से कोई संबंध नहीं है।