कहते हैं बॉलीवुड में जिसका कोई नहीं होता, उसके 'सुल्तान' होते हैं। सलमान खान बॉलीवुड में न्यूकमर्स के लिए किसी गॉडफादर से कम नहीं हैं। एक तरफ जहां वह मोहनीश बहल की बेटी प्रनूतन बहल को लांच करने वाले हैं, वहीं खबर है कि सलमान अब महेश मांजरेकर की बेटी अश्वामी को दबंग 3 से लांच करेंगे।
इससे पहले सलमान खान ने महेश मांजरेकर के बेटे सत्या को भी लांच करने का जिम्मा उठाया था और अब बारी है उनकी बेटी अश्वामी की। महेश ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा, 'हां, सलमान मेरी बेटी को लांच करने जा रहे हैं। हालांकि इसमें अभी कुछ वक्त है। जैसे ही कुछ अच्छा ऑफर हाथ लगेगा, वैसे ही इस काम को भी अंजाम दे दिया जाएगा।
हालांकि फिलहाल इसका ऑफिशियल अनाउंस नहीं हुआ है। जैसी इसकी अनाउंसमेंट हो जाती है उसके बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। दरअसल, महेश मांजरेकर और सलमान काफी अच्छे दोस्त रहे हैं और ये बात तो आप जानते ही हैं सलमान अपने दोस्तों के लिए कुछ भी कर सकते हैं।
सलमान खान ने इसी साल अपने बहनोई आयुष शर्मा के साथ वरीना हुसैन को फिल्म लवयात्री के जरिए लांच किया था। उनके होम प्रोडक्शन की ये फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई। लाख कोशिश करने के बाद भी सलमान अपने बहनोई आयुष शर्मा की एक्टिंग प्रतिभा को दर्शकों के सामने नहीं ला पाए।
इससे पहले सलमान सूरज पंचोली, सोनाक्षी सिंहा, कटरीना कैफ, स्नेहा उलाल, जरीन खान, डेजी शाह और अतिया शेट्टी सहित कई नए चेहरों को लांच कर चुके हैं। सलमान खान अपनी भांजी अलीजा अग्निहोत्री को भी फिल्मों में लाने की तैयारी में हैं। अलीजा, सलमान खान की बहन अलवीरा अग्निहोत्री और उनके पति अतुल अग्निहोत्री की बेटी हैं।