जैन मुनि तरुण सागरजी महाराज पर विवादित ट्वीट कर फंसे संगीतकार व गायक विशाल डडलानी ने बुधवार को चंडीगढ़ पहुंचकर जैन मुनि से माफी मांगी। मुलाकात के बाद विशाल ने बताया कि गुरुजी ने मुझे माफ कर दिया है और अब हम दोस्त भी बन गए हैं।
विशाल ने ये भी बताया कि उन्होंने जैन मुनि के प्रवचन के कई वीडियो देखें हैं और अब वो उनकी बातों से काफी प्रभावित हैं। उन्हें जैन मुनि से मिलकर काफी खुशी हुई है। वहीं श्री तरुण सागर चातुर्मास कमेटी के महासचिव कैलाश जैन ने मंगलवार को बताया था कि तरुण सागर ने तो डडलानी को पहले ही माफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि जैन समाज ने भी डडलानी को माफ कर दिया है।
गौरतलब है कि डडलानी ने 26 अगस्त को जैन मुनि तरुण सागर के हरियाणा विधानसभा में दिए प्रवचन पर ट्वीट किया था। इसको लेकर अंबाला छावनी के पुनीत अरोड़ा ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी, जिसके बाद अंबाला में विशाल के खिलाफ आईपीसी की धारा 295, 153, 509 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। वहीं जैन मुनि पर विवादित ट्वीट के बाद राजनीति से संन्याल लेने वाले अपने संगीतकार और गायक विशाल डडलानी ने कहा था कि उन्होंने स्वयं आम आदमी पार्टी (आप) को छोड़ा है।
डडलानी के मुताबित वह आम आदमी पार्टी को अपने परिवार जैसा मानते हैं। ट्वीट कर विशाल ने बताया है कि पार्टी ने उन्हें जैन मुनि पर किए गए ट्वीट के कारण बाहर नहीं निकाला है, बल्कि उन्होंने खुद ही अलग होने का फैसला किया है। विशाल ने आप की तारीफ करते हुए कई ट्वीट भी किए थे।
हालांकि ट्वीट के बाद विशाल ने तुरंत माफी भी मांगी लेकिन शिकायतकर्ता पुनीत का कहना है कि उन्होंने जो गलती की है उसकी सजा उन्हें भुगतनी पड़ेगी और माफी सिर्फ इस बात की मांगे कि वे दोबारा ऐसा नहीं करेंगे। पुनीत अरोड़ा ने महिला के साथ जैन मुनि तरुण सागर की तस्वीर पोस्ट करने पर तहसीन पूनावाला के खिलाफ भी मामला दर्ज करवाया है। जिसको लेकर शिकायतकर्ता पुनीत का कहना है कि इससे उन्हें काफी ठेस पहुंची है।