जब परिवहन मंत्री बोले, बाबू जी हमारा डीएल बनना है...
आरटीओ अजय त्रिपाठी ने मंत्री को बताया कि शनिवार शाम तक करीब 110 डीएल बनाने के लिए फोटो खिंचवाए जा चुके हैं। इसके बाद टेस्ट होगा। मंत्री ने टेस्ट रूम में तैनात कर्मचारी से बातचीत की। नीचे उतरते समय गंदगी दिखाई दी तो सफाई का निर्देश दिया। साथ ही पर्दे को ठीक करने को कहा। इस दौरान एआरटीओ प्रवर्तन हिमेश तिवारी और प्रशांत तिवारी के अलावा आर आई विष्णुदत्त मिश्रा भी मौजूद रहें।
परिवहन मंत्री लर्निंग डीएल विंडो पर पहुंचे। वहां निजी कंपनी के कर्मचारी से कहा कि बाबू जी हमारा डीएल बनना है। पहले तो कर्मचारी ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन करना पड़ता है। मगर जब अफसरों को देखा तो वह समझ गया कि सामने मंत्री जी हैं। दूसरे कर्मचारी ने भी मंत्री को पहचान लिया। इस पर दोनों ने मुस्कराकर स्वतंत्र देव सिंह का अभिवादन किया।
सड़क सुरक्षा अभियान 1 अक्तूबर से
परिवहन मंत्री ने बताया कि सफाई और सड़क सुरक्षा को लेकर 1 अक्तूबर से अभियान शुरू होने जा रहा है। पार्षद, ग्राम प्रधान, मोहल्ले के प्रमुख और स्कूल समेत अन्य संस्थानों के पदाधिकारियों मिलकर अभियान चलाएंगे। उन्होंने सीट बेल्ट और हेलमेट पहनने के लिए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने की बात कही।