तीस हजारी कोर्ट में पुलिस और वकीलों के बीच शनिवार को हुए बवाल के बाद कई और वीडियो वायरल हो रहे हैं। एक नए वीडियो में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया पर हुए वायरल वीडियो में उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज के साथ बदसलूकी हुई है। आगे देखें वीडियो....
तीस हजारी कोर्ट बवालः एक और वीडियो वायरल, वो मैडम को बचाता रहा, वकील पीटते रहे
वीडियो में दिख रहा है कि बवाल की सूचना के बाद मोनिका भारद्वाज कुछ पुलिसकर्मियों के साथ कोर्ट परिसर में पहुंचीं। जैसे ही वह भीड़ की ओर जाती हैं, वहां कुछ लोग उन पर हमला करते हैं। मोनिका के साथ मौजूद पुलिसकर्मी व कुछ वकील उनको किसी तरह भीड़ से बचाकर बाहर लाते हैं। इस हमले में एक एसएचओ व कई पुलिसकर्मी भी जख्मी हो जाते हैं।
हालांकि हमलावर कौन हैं, इसकी अभी जांच जारी है। साथ ही दो पुलिस कर्मियों का ऑडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें एक बता रहा है कि कैसे उसने मैडम को बचाने की कोशिश की और भीड़ ने उसके साथ मारपीट की। उसकी सर्विस पिस्टल भी छीनने की कोशिश की गई। एक महिला पुलिस कर्मी की पिस्टल भी घटना के दिन से गायब है। पुलिस दोनों मामलों की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। लापता नाइन एमएम पिस्टल के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शनिवार की घटना में 20 पुलिस वाले और कई वकील घायल हुए थे। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
महिला अफसर के मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, तीस हजारी के कुछ वीडियो में वकील मोनिका भारद्वाज से बदसलूकी करते दिख रहे हैं। उन्हें कुछ पुलिस वाले बचाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग उन्हें पकड़ने के लिए भाग रहे हैं। क्राइम ब्रांच की एसआईटी वहां मौजूद सभी पुलिस अफसरों के बयान दर्ज कर रही है।
एक अन्य वीडियो में पुलिसवालों को पीटते दिख रहे वकील
एक और वायरल वीडियो में कुछ वकील अदालत के प्रशासनिक इलाके में घुसकर पुलिस वालों को पीटते दिख रहे हैं। एक समूह सीसीटीवी कैमरे में गाड़ियों में आग लगाता दिखता है। कुछ पुलिस वाले पानी फेंककर आग बुझाने का प्रयास करते हैं। वकील की पोशाक में एक शख्स उन्हें धमकी देता दिख रहा है। फिर वही शख्स वीडियो बनाने से पुलिसवालों को रोकने की कोशिश करता है। एसआईटी सभी वीडियो की जांच कर रही है।