ट्रॉनिका सिटी के दौलत नगर स्थित चर्च कालोनी में रविवार को एक मकान के अंदर अवैध रूप से चल रही अचार की फैक्ट्री के केमिकल टैंक की सफाई करने उतरे फैक्ट्री के मालिक, उसके बेटे और एक पड़ोसी की दम घुटने से मौत हो गई।
पुलिस और दमकल कर्मियों ने दो घंटे के रेस्क्यू के बाद तीनों के शव बाहर निकाले। मौके पर पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीएम रितु माहेश्वरी ने घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए हैं, साथ ही दोषी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं।
दिल्ली के करावल नगर में लवकुश (60) अपने बेटे प्रवीन (35) और पत्नी चंपादेवी के साथ रहते थे। उनकी ट्रॉनिका सिटी स्थित दौलत नगर चर्च कालोनी में अचार बनाने की फैक्ट्री है, जो अवैध रूप से एक मकान में चल रही थी। सुबह करीब नौ बजे पिता पुत्र फैक्ट्री के केमिकल टैंक की सफाई करने उतरे थे।
बंद पड़े मकान के आचार निर्माण वाले हिस्से में जैसे ही वह सफाई के लिए उतरे तो दोनों बेहोश होकर गिर गए। कुछ देर तक बाहर नहीं आने पर लवकुश की पत्नी ने शोर मचाया तो पड़ोस में रहने वाले प्रतापगढ़ यूपी निवासी हृदय राज नारायण (42) दोनों को बाहर निकालने टैंक में उतरे, लेकिन वह भी बाहर नहीं आए।
इसके बाद चंपा देवी ने आसपास के लोगों को जुटाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दो घंटे के रेस्क्यू के बाद तीनों को टैंक से बाहर निकाला। तब तक वह दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। एनडीआरएफ की टीम भी बचाव कार्य के लिए पहुंच गई।