मंगलवार को गांव शाहचौखा में तंत्र मंत्र द्वारा भूत उतारने के चक्कर में गई महिला की जान का सौदा पंचायत में हो गया। मृतक महिला के परिजनों ने पंचायत में चार लाख रुपये में सौदेबाजी के बाद पिनगवां थाने में दी शिकायत में कहा कि प्रमीना बीमार थी। इसी से उसकी मौत हो गई।
तो हो गया महिला की जान का फैसला, कीमत मात्र चार लाख रुपये...
फिलहाल पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। पलवल जिले के गांव भूडपुर निवासी 30 वर्षीय महिला प्रमीना बीमार थी। महिला का पति साकिर प्रमीना को गांव शाहचौखा में तंत्र मंत्र से कथित इलाज करने वाली सहिदा नाम की महिला के पास ले आया।
मंगलवार को महिला के पति साकिर ने बताया था कि उसकी पत्नी को साहिद और उसके पति ने गड्ढा खोदकर गर्दन तक दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। साकिर पत्नी के शव को अपने पलवल स्थित गांव ले गया जहां परिजनो ने मशवरा कर आरोपियों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट लिखाने को कहा। लेकिन बिरादरी तौर पर फैंसला कराने के लिए रात करीब एक बजे तक पंचायतों का दौर चलता रहा।
पहली पंचायत गांव शाहचौखा में हुई जिसमें फलैंडी, शाहचौखा और मृतका के परिजनों सहित कई गांवों के लोगों ने भाग लिया लेकिन फैंसला नहीं हो सका। रात के करीब 11 बजे महिला के शव को पुलिस कार्रवाई के लिए पिनगवां पुलिस थाना लाया गया। पुलिस ने महिला के शव को मांडीखेडा के अल-आफिया अस्पताल भिजवा दिया।
दूसरी पंचायत रात करीब एक बजे तक चली जहां दोनो पक्षों में चार लाख रुपये में सौदा हो गया। दो लाख रुपये महिला के परिजनों को नकद दे दिए गए जबकि दो लाख दो दिन बाद देने का आश्वासन दिया गया। इस पंचायत में काफी प्रमुख लोग मौजूद रहे। इसके बाद मृतका के परिजनों ने देर रात पिनगवां पुलिस को लिखकर दिया की प्रमीना की मौत मिटटी में दबने से नहीं बल्कि बीमारी से हुई।
पुलिस की भूमिका पर सवाल
पुलिस ने पीड़ित लोगों के बयान लेने की बजाए लिखित शिकायत देने को कहा। भले ही सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेश है कि बडे़ जुर्म में पंचायतों के फैंसले का कोई दखल नहीं होगा उसके बावजूद पुलिस पंचायत के फैंसले का इंतजार करती रही। पिनगवां थाना प्रभारी पंकज का कहना है उनके पास रात तक कोई शिकायत नहीं आई थी। महिला के शव का पास्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के अंदर मौत के जो भी कारण आएंगे उसके तहत ही कार्रवाई की जाऐगी।
अब महिला के परिजन बोलने से कतरा रहे हैं
मंगलवार को जहां महिला का पति साकिर कह रहा था कि उसकी पत्नी को मिटटी में दबाकर मारा गया है वह आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई चाहता है लेकिन पंचायत में चार लाख रुपये में सौदे के बाद साकिर ने मीडिया के सामने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। वहीं साकिर के पिता रहमुदीन ने फोन पर बताया कि उनका फैंसला हो गया है अब वे कोई कार्रवाई करना नहीं चाहते।