उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक ऐसा मामला सामने आया है जो किसी को भी हैरान कर सकता है। मात्र 10 साल का बच्चा फेसबुक पर फेक आईडी बनाकर अपनी ही मां की जासूसी करता रहा। हालांकि इस पूरे वाकये के पीछे जो वजह है वह ज्यादा चौंकाने वाली है और शायद यह अपनी तरह का पहला मामला हो...
माता-पिता के बीच विवाद हुआ तो 10 साल का बेटा अपनी मां की जासूसी करने लगा। फेसबुक पर फेक आईडी बनाकर फ्रेंड बन गया। चेक करने लगा कि मां कब-कब ऑनलाइन रहती है। फ्रेंड लिस्ट में कौन-कौन शामिल हैं। इसकी रिपोर्ट पिता को देने लगा।
यह मामला मंगलवार को महिला थाने में परिवार परामर्श केंद्र पर पहुंचा। माता-पिता के मामले में एक भाई-बहन गवाही देने पहुंचे। बेटे ने मां की शिकायत की। मां पर आरोप लगाया कि वह पिता को परेशान करती है।
यह मामला नेहरूनगर निवासी एक दंपती से जुड़ा है। दंपती की शादी को आठ साल हो गए हैं। विवाद सुलझाने के लिए महिला थाने में काउंसलिंग की गई। मामले में मंगलवार को दोनों बच्चों की गवाही ली गई। पति अपने 10 वर्षीय बेटा और 7 वर्षीय बेटी को गवाही के लिए थाने लेकर आया।
बेटे ने बताया कि मां मेरे पापा और दादी को परेशान करती है। काउंसलर्स के मुताबिक पोते ने अपनी दादी के एंड्र्रॉयड फोन से फेसबुक पर कई फेक आईडी बना रखी हैं। फेसबुक पर वह अपनी मां का फ्रेंड भी है। मां कब-कब ऑनलाइन रहती है, किससे चैटिंग करती है, फ्रेेंड लिस्ट में कौन-कौन शामिल हैं। इसकी जानकारी जुटाता था। कई फेसबुक फ्रेंड के बारे में बताया जिनसे काफी दिनों से चैटिंग चल रही है। मंगलवार को काउंसलिंग के दौरान बच्चे की मां मौजूद नहीं थी।