उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दंगे की आग ने कई की जान ले ली, तो ओखला स्थित बटला हाउस में रविवार रात अफवाह फैलने से मची भगदड़ में भागलपुर (बिहार) के 32 वर्षीय हबीबुल्लाह की मौत हो गई। रात 8 बजे हिंसा की अफवाह फैली थी। भगदड़ के बाद वह शहाब मस्जिद के पास बेसुध पड़ा था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बटला हाउस में अफवाह ने ले ली एक शख्स की जान, भगदड़ मचने से चपेट में आ गया था हबीबुल्लाह
ऐसे फैली थी अफवाह
अफवाह की शुरुआत राजौरी गार्डन से हुई, जहां पर सट्टा खेल रहे कुछ लोगों को पुलिस ने पकड़ा और वहां पर पुलिस के आने से भगदड़ मची। आसपास अफवाह फैल गई कि फिर दंगा शुरू हो गया है। राजौरी गार्डन में अफवाह फैलते ही मार्केट में भगदड़ मच गई। दुकानदार अपनी दुकानें डर के मारे बंद कर भागने लगे थे लेकिन रातभर पुलिस ने इलाके में गश्त की और कानून व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया।
शाहीन बाग में भी अफवाहों का दौर जारी, 18 के खिलाफ केस दर्ज
शाहीन बाग में भी रविवार देर रात अफवाहों का दौर जारी रहा। यहां प्रदर्शनकारी एक-दूसरे का हालचाल लेने में व्यस्त रहे। सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने सबसे पहले धरनास्थल का रुख किया और पूरे हालात का जायजा लिया। हालांकि शांति की सूचना मिलने के बाद राहत की सांस ली।
वहीं धारा-144 की चेतावनी वाले बैनर भी बैरीकेडिंग से हटा लिए। वहीं सोमवार दोपहर बाद से प्रदर्शनकारियों की संख्या भी बेहद कम रही। वहीं, मंच से लगातार शांति बनाए रखने की लोगों से अपील की जा रही थी। दूसरी तरफ पुलिस लगातार अफवाहों को न फैलाने की चेतावनी दे रही है। पुलिस ने अफवाह फैलाने वाले 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
अफवाह से मची थी अफरातफरी, घर में हो गई चोरी
उत्तम नगर इलाके में रविवार देर शाम बदमाश एक घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात व अन्य सामान चुराकर फरार हो गए। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी की यह घटना उस समय हुई, जब हिंसा की अफवाह फैलने से अफरातफरी मची हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, रश्मि सोनी सपरिवार हस्तसाल रोड इलाके में रहती हैं। रविवार देर शाम वह अपने बच्चों को ट्यूशन के लिए हस्तसाल के डीडीए फ्लैट में लेकर गई हुई थीं। इसी दौरान हिंसा की अफवाह फैल गई और अफरातफरी मच गई। इस पर रश्मि ने अपने पड़ोसी को फोन पर घर की जांच करने के लिए कहा। पड़ोसी ने बताया कि सब कुछ सुरक्षित है, लेकिन कुछ देर बाद रश्मि जब घर पहुंची, तो देखा कि दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ है। घर से एक टैबलेट, जेवरात और तीन हजार रुपये गायब थे।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
कार्यवाहक पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया पर उड़ रहीं हिंसा की अफवाहों पर शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस आयुक्त ने अफवाहों पर ध्यान न देने और सांप्रद्रायिक सौहार्द बनाए रखने को कहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
हिंसा की अफवाह फैलाने वाला गिरफ्तार
पश्चिमी दिल्ली के निहाल विहार में सोशल मीडिया पर हिंसा की अफवाह फैलाने वाले अभिषेक शुक्ला को साइबर क्राइम सेल ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के सोशल मीडिया पर 10,000 से अधिक फॉलोवर हैं। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है।