कॉलेज या पढ़ाई खत्म होने के बाद नौकरी की तलाश या ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए रोजाना लाखों लोग देश की राजधानी दिल्ली आते होंगे। नौकरी मिलना और नौकरी छोड़ना या छूट जाना करियर में आम बात है। कोई भी कंपनी किसी कर्मचारी को दो वजहों से निकाल सकती है। एक-कंपनी की आर्थिक स्थिति और दूसरी- कर्मचारी का व्यक्तिगत प्रदर्शन। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि नौकरी छूटने या नौकरी से निकाले जाने की वजह वह शहर भी हो सकती है, जहां आप नौकरी कर रहे हैं। एक रिपोर्ट में ऐसा बताया गया है।
टीमलीज की रिपोर्ट के मुताबिक, देश की राजधानी दिल्ली में नौकरी करने वाले लोगों पर दूसरे प्रथम श्रेणी के शहरों में कार्यरत लोगों की तुलना में नौकरी गंवाने का खतरा ज्यादा है।
टीमलीज ने देश के 9 शहरों अहमदाबाद, बंगलुरु, चंडीगढ़, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और पुणे के लोगों पर किए गए सर्वे के नतीजों के आधार पर ये रिपोर्ट बनाई है।
टीमलीज की रिपोर्ट की मानें, तो नौकरी गंवाने का सबसे ज्यादा खतरा दिल्ली के बाद बेंगलुरु और हैदराबाद में है। वहीं, पुणे में अगर आप नौकरी करते हैं, तो आप जोखिम से बाहर हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, अगर बात करें इंडस्ट्री की, तो इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग और इससे जुड़े सेक्टर्स में जोखिम ज्यादा है। इसके बाद रियल एस्टेट, आईटी और बीपीओ में रिक्स फैक्टर बहुत है। यहां आपकी नौकरी कभी भी जा सकती है।