{"_id":"6b01fb951d2261a4ce079091","slug":"delhi-mother-dies-in-house-fire-in-raghubir-nagar-son-and-daughter-in-law-sustain-burns-2026-11-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: रघुबीर नगर के मकान में आग लगने से मां की मौत, बचाने की कोशिश गई बेकार; हादसे में बेटा और बहू झुलसे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: रघुबीर नगर के मकान में आग लगने से मां की मौत, बचाने की कोशिश गई बेकार; हादसे में बेटा और बहू झुलसे
Sun, 22 Nov 2026 01:44 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 22 Nov 2026 01:44 AM IST
सार
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से बेटे को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बहू को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रघुबीर नगर में शनिवार दोपहर तीन मंजिला मकान के पहले तल पर आग लगने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जबकि हादसे उनका बेटा और बहू झुलस गए। मृतका की पहचान सुनीता के रूप में हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से बेटे को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बहू को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
विज्ञापन
पुलिस उपायुक्त वी. हरेश्वर स्वामी ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12:05 बजे ख्याला थाना पुलिस को बी-2 स्कूल के पास एक रिहायशी इमारत में आग लगने और कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान में आग लगी हुई थी। उस समय घर में टैक्सी चालक धर्मेंद्र की पत्नी सुनीता, बेटा ध्रुव और बहू नीति मौजूद थे। आग देखकर ध्रुव की पत्नी ने मदद के लिए आवाज लगाई।
विज्ञापन
चीख सुनकर ध्रुव उसे बचाने के लिए पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को मकान से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल पहुंचाया गया। ध्रुव करीब 20 प्रतिशत झुलसा था। उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर होने पर छुट्टी दे दी गई, जबकि नीति करीब 60 प्रतिशत झुलस गई हैं और उन्हें सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
विज्ञापन
हथौड़े से दीवार तोड़कर महिला को निकाला : सुनीता एक कमरे में फंसी रह गईं। उन्हें बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने हथौड़े से बगल की दीवार तोड़ी। इसके बाद उन्हें बाहर निकालकर ईआरवी की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक पूछताछ में ध्रुव ने पुलिस को बताया कि आग लगने का कारण उसे पता नहीं चल सका। आग तेजी से फैलने के कारण वह अपनी मां को बाहर नहीं निकाल पाया। ध्रुव और नीति की शादी करीब एक महीने पहले ही हुई थी। पुलिस के मुताबिक, मकान के भूतल पर आटे की चक्की, नमकीन और राशन की तीन दुकानें हैं।
आग बुझाने के लिए दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। घटनास्थल की जांच के लिए क्राइम टीम और एफएसएल को भी बुलाया गया है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक और बिजली संबंधी जांच कराई जाएगी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुनीता के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीडीयू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। धर्मेंद्र की दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे।
