दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर बॉलीवुड की मशहूर शख्सियत फिल्म निर्माता करण जौहर और धर्मा प्रोडक्शन को नोटिस दिया है।
विभाग के राज्य तंबाकू नियंत्रण शाखा ने एक टीवी सीरियल में गुटखा का प्रचार करने का आरोप लगाते हुए 10 दिन के भीतर इस पर जबाव मांगा है।
बता दें कि विभाग इससे पहले भी करण जौहर और धर्मा प्रोडक्शन को हाल ही में आई एक फिल्म इत्तेफाक के पोस्टर को लेकर नोटिस दे चुका है। जिसके बाद लिखित में गलती स्वीकारते हुए देश भर के सिनेमाघरों से फिल्म के पोस्टर हटा लिए गए थे।
अतिरिक्त निदेशक डॉ. एसके अरोड़ा ने बताया कि कुछ ही दिन पहले टीवी पर एक रियलटी शो शुरू हुआ है। जिसमें करण जौहर और धर्मा प्रोडक्शन एक गुटखा कंपनी का विज्ञापन करने में जुटी है।
यह कंपनी गुटखा और पान मसाला बनाती है। दिल्ली के कई बस स्टॉप पर इस कंपनी के पान मसाले के विज्ञापन लगे हुए हैं। डॉ. अरोड़ा का कहना है कि जब से देश में तंबाकू एवं अन्य उत्पाद अधिनियम 2003 पर सख्ती बरती गई है तब से कंपनियों ने पान मसाले की आड़ में गुटखा बेचने और उसका प्रचार करने का गोरखधंधा शुरू कर दिया है।