आप लोग अगर मुझे डांटोगे तो मैं भागकर भैया (चाचा के बेटे) के घर चली जाऊंगी। आप लोग गंदे हो, मुझे खेलने भी नहीं देते हो। हमेशा डांटते रहते हो। मैं छोटा बाबू हूं तो मुझे मत डांटा करो। ये कहना था खोड़ा के आदर्श नगर की रहने वाली 5 साल की मासूम बच्ची का, जो डांट खाने के बाद अपने मम्मी पापा से कहती थी। ऐसा उसके चाचा ने बताया।
बता दें कि खोड़ा में शनिवार को चाचा के घर की छत पर बोरे में मासूम की लाश मिली थी। जिससे पूरे गांव में मातम छा गया है। मृतका के चाचा ने बताया कि बच्ची बहुत चंचल थी, पढ़ने में भी बहुत होशियार थी।
टीवी में जैसे किसी फिल्मी गाने की धुन बजती तुरंत नाचने लगती थी। इतनी कम उम्र में ही उसे घर के 2-3 मोबाइल नंबर याद हो गए थे। घर कोई उसे किसी चीज के लिए रोकता टोकता तो वो तुरंत बोलती थी कि मैं भैया को फोन करके बुला लूंगी। उसकी आवाज अभी भी कानों में गूंज रही है।
बेटी राशि (5) पास के ही कुंती मेमोरियल स्कूल में एलकेजी की छात्रा थी। बृहस्पतिवार शाम को वह खेलने के दौरान लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। उसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
शनिवार सुबह बच्ची के ताऊ के घर के सामने वाले मकान में रहने वाली महिला ने उनकी छत पर एक प्लास्टिक के कट्टे पर मक्खियां देखी। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कट्टे में राशि का शव बरामद किया। राशि का शव खून से लथपथ था। उसके शरीर पर कई घाव के निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी रवि कुमार ने बताया कि हत्या कर शव को कट्टे में बंद किया गया था। पुलिस रेप के बाद हत्या समेत कई बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।