कोहरे ने बिगाड़ी ट्रेनों की समय-सारणी, ये ट्रेन सबसे अधिक प्रभावित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और कोहरे ने रेलवे की समय सारणी बिगाड़ दी है। इससे मुसाफिरों को बेहद परेशान होना पड़ रहा है। बुधवार को 100 से अधिक ट्रेन एक घंटे से अधिक देरी से चलीं तो 29 ट्रेनें 2-6 घंटे की देरी से गंतव्य तक पहुंचीं।
कोहरे के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित लंबी दूरी की ट्रेनें हुई हैं। बुधवार को अवध असम, महाबोधी, मऊ एक्सप्रेस 5-5 घंटे की देरी से चलीं तो अमृतसर दादर एक्सप्रेस 3 घंटे, पूर्वा व फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम 4-4 घंटे की देरी से चलीं।
इसी तरह, ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस ढाई घंटे, प्रयागराज ढाई घंटे, भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ साढ़े तीन घंटे, राजेंद्र नगर संपर्क क्रांति दो घंटे, यूपी संपर्क क्रांति ढाई घंटे, सद्भावना 2 घंटे, जबलपुर-निजामुद्दीन 3 घंटे, छिंदवाड़ा-सराय रोहिल्ला 2 घंटे, डिब्रूगढ़ राजधानी समेत कई ट्रेन घंटों देरी से चलीं। इस वजह से यात्रियों को न केवल ट्रेन में, बल्कि ट्रेन के इंतजार में प्लेटफार्म पर भी परेशान होना पड़ा।
कोहरे में सावधानी पूर्वक चलायें वाहन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आने वाले दिनों में घना कोहरा पड़ने की आशंका मद्देनजर वाहन चालकों को सावधानी पूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी है। लोग मौसम का पूर्वानुमान देखकर घर से निकलें। कोहरा है तो वाहन चलाने से परहेज करें। वाहनों को धीरे चलाएं और ओवरटेक न करें।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) एनएस बुंदेला ने कहा कि कोहरे में वाहन को धीरे चलाएं। घर से निकलने से पहले ये देख लें कि गाड़ी की लाइट ठीक से काम कर रही हैं। कोहरे में लो बीम हैड लाइट का इस्तेमाल करें। हाई बीम से पानी की बूंद प्रतिबिंबित होती है, इस कारण ठीक से दिखता नहीं है। धैर्य से वाहन चलाए, ओवर टेकिंग व लेन चेंज न करें। फुटपाथ का सहायता के लिए इस्तेमाल करें। सेंटर लेन की बजाय डिवाइडर के राइट साइड को देखने के लिए इस्तेमाल करें। आगे जाने वाली गाड़ी से काफी दूरी रखें। खतरे को भांपकर सावधान हो जायें। वाहन चलाते समय मोबाइल को बंद कर लें। संगीत न सुनें। इलैक्ट्रोनिक चेतावनी वाले संदेशों को जरूर देखें।
उन्होंने आगे बताया कि जहां तक संभव हो आगे बढ़ते रहें। कार के शीशे व खिड़की को साफ रखें। वाइपर का इस्तेमाल करें। अगर कोहरा ज्यादा घना है तो नजदीक स्थित पार्किंग में अपने वाहन को पार्क कर दें। इमरजेंसी लाइट जला दें। कोहरे के दौरान सड़क पर न रुकें। कोहरा साफ होता दिख रहा है तो अपने वाहन की स्पीड एकदम न बढ़ाएं। अपने वाहन की हैड लाइटस को ओवर ड्राइव न करें।