केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी (स्वतंत्र प्रभार) और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कालकाजी मंदिर-जनकपुरी वेस्ट सेक्शन पर मेट्रो को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही बॉटनिकल गार्डन-जनकपुरी वेस्ट कॉरिडोर (मजेंटा लाइन) के दूसरे सेक्शन की शुरुआत हो गई। मंगलवार से यह सेक्शन जनता के लिए गया है।
मजेंटा मेट्रोः एयरपोर्ट टर्मिनल-1 पहुंचना हुआ और आसान, बहुत सारी खूबियों के साथ हैं कुछ खामियां भी
नई मेट्रो लाइन शुरू होने के बाद हुडा सिटी सेंटर से समयपुर बादली मेट्रो लाइन पर हौज खास मेट्रो स्टेशन महत्वपूर्ण इंटरचेंज स्टेशन बन जाएगा। गुरुग्राम से हौज खास के माध्यम से यात्री सीधे नोएडा के लिए सफर तय कर सकेंगे।
बॉटनिकल गार्डन-जनकपुरी वेस्ट कॉरिडोर के बीच में जनकपुरी पश्चिम, डाबरी मोड़, दशरथपुरी, पालम, दिल्ली छावनी सदर बाजार, टर्मिनल-1 इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, शंकर विहार, वसंत विहार, मुनिरका, आर के पुरम, हौज खास, आईआईटी, पंचशील पार्क, चिराग दिल्ली, ग्रेटर कैलाश और नेहरू एन्क्लेव स्टेशन पड़ता है।
कालकाजी मंदिर-जनकपुरी वेस्ट सेक्शन के अधिकतर स्टेशनों पर मोबाइल नेटवर्क की कनेक्टिविटी नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। हौज खास मेट्रो स्टेशन की गहराई 29 मीटर है, जो कि अब तक मेट्रो का सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन है, यहां पर मेजेंटा और येलो दोनों लाइनों पर मोबाइल नेटवर्क की कमी है।
मजेंटा लाइन के दूसरे सेक्शन के शुरू होने से नोएडा से गुरुग्राम का सफर अब महज 50 मिनट में पूरा होगा। अब तक यात्रियों को नोएडा से राजीव चौक के रास्ते हुडा सिटी सेंटर पहुंचना पड़ता था, जिसमें तकरीबन डेढ़ घंटे का समय लगता था। अब यात्री बॉटनिकल गार्डन से मजेंटा लाइन पर हौजखास से येलो लाइन बदलकर करीब 40 मिनट की बचत कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
बॉटनिकल गार्डन-जनकपुरी वेस्ट कॉरिडोर मजेंटा लाइन के पूरी तरह से संचालित हो जाने से अब चार यूनिवर्सिटी एमिटी, जामिया मिलिया इस्लामिया, आईआईटी और जेएनयू एक ही लाइन पर आ गए हैं। हालांकि पिछले वर्ष दिसंबर में इस कॉरिडोर का पहला फेज बॉटनिकल गार्डन से कालकाजी मंदिर खुलने से जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय और एमिटी विश्वविद्यालय पहले ही इस लाइन की कनेक्टिीविटी से जुड़ चुके हैं।
कालकाजी मंदिर से जनकपुरी वेस्ट फेज की लंबाई 24.82 किमी है। यह अब तक का सबसे लंबा रूट है, जिसे मेट्रो ने शुरू किया है। इससे पहले दिल्ली मेट्रो का दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस -मजलिस पार्क 21.56 किमी का कॉरिडोर शुरू किया गया था।
इस फेज में हौजखास में (येलो लाइन) और जनकपुरी वेस्ट में (ब्लू लाइन) पर इंटरचेंज की सुविधा है। इस फेज के शुरू हो जाने के बाद संपूर्ण दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की लंबाई बढ़कर 277 कि.मी. और मेट्रो स्टेशनों की संख्या 202 हो जाएगी। 24.82 कि.मी. लम्बे इस कॉरिडोर में 21.8 कि.म. हिस्सा भूमिगत और 2.9 किमी हिस्सा एलिवेटेड है।
इस फेज में कुल 16 स्टेशन हैं जिनमें से महज दो ऊपरी हैं जबकि बाकी स्टेशन भूमिगत हैं। बॉटनिकल गार्डन से जनकपुर वेस्ट कॉरिडोर की कुल लम्बाई 37.46 किमी है, जिसका पहला सेक्शन बॉटनिकल गार्डन से कालकाजी मंदिर तक पहले ही लोगों के लिए खुल चुका है।
इस कॉरिडोर के खुलने से भारत के सबसे बड़े आईटी हब नेहरू प्लेस के लिए बेहतर कनेक्टिविटी तैयार हो चुकी है। अब गुरुग्राम और नोएडा के लोग मजेंटा लाइन के कालकाजी मंदिर मेट्रो स्टेशन से मेट्रो बदलकर आसानी से नेहरू प्लेस पहुंच सकेंगे।
यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो ने रिंग रोड पर मुनिरका, आरकेपुरम, आईआईटी, पंचशील पार्क, चिराग दिल्ली, ग्रेटर कैलाश और नेहरू इंक्लेव पर दो यानी कुल नौ सब-वे बनाए हैं।
मजेंटा लाईन के जनकपुरी वेस्ट मेट्रो स्टेशन में भारत के सबसे लंबे एस्केलेटर लगाए गए हैं। इसकी ऊंचाई 15.65 मीटर है, जो कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर लगाए गए 14.575 मीटर की ऊंचाई वाले एस्केलेटरों से भी अधिक है।
यहां से काफी संख्या में छात्र आईटीआई, जेएनयू और जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी जाते हैं। अभी तक गुरुग्राम से सीधी मेट्रो सेवा नहीं होने से छात्रों को काफी समय लगता था, लेकिन अब हौज खास मेट्रो पर इंटरचेंज कर छात्र सीधे यहां पहुंच सकेंगे। इससे छात्रों के किराये के साथ समय की भी बचत होगी।
मजेंटा लाइन शुरू होने से समय के साथ यात्रियों का किराया भी बचेगा। नई लाइन के शुरू होने से गुरुग्राम से कालकाजी मंदिर, जामिया मिल्ल्यिा इस्लामिया यूनिवर्सिटी, जेएनयू, आईटीआई, जनकपुरी पश्चिम जाने के लिए किराये में करीब 10 फीसदी बचत होगी।
कालकाजी मंदिर से नेहरू एन्क्लेव, ग्रेटर कैलाश, चिराग दिल्ली, पंचशील पार्क, हौज खास, आईटीआई, आरके पुरम, मुनिरका, वसंत विहार, शंकर विहार, आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1, सदर बाजार छावनी, पालम, दशरथ पुरी, डाबड़ी मोड़, जनकपुरी पश्चिम।
नई मेट्रो लाइन के बाद की स्थिति
-कुतुब मीनार-कालकाजी मंदिर
अनुमानित समय-24 मिनट, किराया-30 रुपये
-हौज खास-जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी
अनुमानित समय-18 मिनट, किराया-30 रुपये
-हौज खास-कालकाजी मंदिर
अनुमानित समय-10 मिनट, किराया-30 रुपये
-जनकपुरी पश्चिम-हौज खास
अनुमानित समय-28 मिनट, किराया-40 रुपये
(नोट-हुडा सिटी सेंटर से हौज खास के लिए अनुमानित समय 29 मिनट है।)