{"_id":"6ae11e9bbc9e23ed1c00b823","slug":"delhi-police-set-clear-terms-for-congress-rally-no-discussion-on-caste-or-religion-2026-10-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: कांग्रेस रैली के लिए पुलिस ने किया साफ- जाति और धर्म पर कोई बात नहीं होगी, 5 बजे खत्म करना होगा आयोजन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: कांग्रेस रैली के लिए पुलिस ने किया साफ- जाति और धर्म पर कोई बात नहीं होगी, 5 बजे खत्म करना होगा आयोजन
Wed, 28 Oct 2026 03:29 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 28 Oct 2026 03:29 AM IST
सार
दिल्ली पुलिस ने कहा कि रैली में जाति, धर्म या रंग के बारे में ऐसी कोई बात नहीं होगी और रैली को शाम पांच बजे तक खत्म करना होगा। रैली से पहले या बाद में किसी भी प्रतिभागी को रामलीला मैदान में रात में रुकने की अनुमति नहीं होगी।
विज्ञापन
कांग्रेस की रामलीला मैदान रैली की तैयारी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि उसे 1 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रामलीला मैदान में कांग्रेस की प्रस्तावित रैली के आयोजन को लेकर किसी तरह की कोई आपत्ति नहीं है। पुलिस की तरफ से मंगलवार की शाम को यह स्पष्टीकरण तब आया जब कांग्रेस ने दावा किया कि पुलिस ने उसे रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने को लेकर अनुमति नहीं दी है।
विज्ञापन
दिल्ली पुलिस ने कहा कि रैली में जाति, धर्म या रंग के बारे में ऐसी कोई बात नहीं होगी और रैली को शाम पांच बजे तक खत्म करना होगा। रैली से पहले या बाद में किसी भी प्रतिभागी को रामलीला मैदान में रात में रुकने की अनुमति नहीं होगी। आरोप के बाद पुलिस की तरफ से एक बयान जारी करते हुए बताया गया कि 1 नवंबर को रैली आयोजित करने के लिए 25 अक्तूबर से 3 नवंबर तक रामलीला मैदान बुक करने हेतु जारी की गई एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) की अनुमति अभी भी बरकरार है।
विज्ञापन
साथ ही पत्र में कहा गया कि कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से हमें इसमें कोई आपत्ति नहीं है, बशर्ते नीचे दी गई शर्तों का पालन किया जाए और जमीन के मालिक प्राधिकरण से पूर्व अनुमति ले ली जाए। इससे पहले इस रैली को लेकर पुलिस ने कांग्रेस पार्टी मुख्यालय के प्रभारी और कांग्रेस के स्थायी आमंत्रित सदस्य मनीष चतरथ के नाम पर जारी एक एनओसी लेटर जारी किया था। जिसमें उसने करीब 14 शर्तों को रखते हुए कांग्रेस को इस विरोध-प्रदर्शन के आयोजन की अनुमति दे दी थी। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर ने जारी इस पत्र में साथ ही यह हिदायत भी दी गई कि पुलिस अधिकारियों के सभी निर्देशों/दिशानिर्देशों का पालन करना होगा।
विज्ञापन
कांग्रेस का ये है आरोप : इससे पहले कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि अशोक होटल ने पहले कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दे दी थी, लेकिन बाद में मना कर दिया। उन्होंने बताया कि इंडिया गठबंधन के 21 दलों ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली से पहले, 30 अक्तूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग का कार्यक्रम तय किया था।
भीड़ जुटाने के लिए कॉलोनियों में कांग्रेस चला रही जनसंपर्क अभियान
एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के लिए प्रदेश कांग्रेस ने भीड़ जुटाने की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में ब्लॉक से लेकर कॉलोनी स्तर तक संपर्क अभियान चलाया है। नेताओं को छोटी-छोटी बैठकें कर लोगों तक रैली का संदेश पहुंचाने और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस का लक्ष्य रैली स्थल और आसपास करीब 30 से 35 हजार लोगों की मौजूदगी सुनिश्चित करना है। भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेस नेता 50 से 100 लोगों की छोटी बैठकें कर रहे हैं। इन बैठकों में मतदाता सूची में कथित हेरफेर और वोट चोरी के आरोपों को लेकर पार्टी का पक्ष रखा जा रहा है। संगठन का जोर लोगों को रैली में बुलाने के साथ-साथ इन मुद्दों से अवगत कराने पर भी है।
नेता बैठकों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर अपने संपर्क अभियान की जानकारी वरिष्ठ नेतृत्व तक पहुंचा रहे हैं। दरअसल दिल्ली में रैली होने के कारण प्रदेश कांग्रेस संगठन पर लोगों को जुटाने की प्रमुख जिम्मेदारी है। रामलीला मैदान के आधे से कुछ अधिक हिस्से में रैली की तैयारियां की जा रही हैं। यहां करीब 25 हजार कुर्सियां लगाने का इंतजाम है। कांग्रेस की योजना है कि कुर्सियों पर बैठने वालों के अलावा आसपास खड़े और आते-जाते लोगों को मिलाकर कुल मौजूदगी 35 हजार से अधिक हो।
नुकसान की चिंता है तो मार्च क्यों निकाल रही भाजपा : कांग्रेस
कांग्रेस की एक नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित वोट बचाओ, देश बचाओ रैली से व्यापारियों को नुकसान होने की आशंका जताने वाली भाजपा पर अब कांग्रेस ने उसी की शैली में पलटवार किया है। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि अगर भाजपा को व्यापारियों के कारोबार की इतनी चिंता है तो वह बुधवार को करवा चौथ के दिन चांदनी चौक जैसे व्यस्त बाजार में मार्च क्यों निकाल रही है? कांग्रेस ने भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को दोहरे मापदंडों वाला बताते हुए कहा कि दूसरों के कार्यक्रम से व्यापारियों को नुकसान की आशंका जताने वाली पार्टी को अपने मार्च के संभावित असर पर भी जवाब देना चाहिए।