केजरीवाल बोले- मुसलमानों और दलितों को मारने के बाद अब वो हमारे बच्चों को बना रहे निशाना
उस घटना की आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी कड़ी निंदा की है। केजरीवाल ने दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में गणतंत्र दिवस से पूर्व आयोजित एक कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के बस पर पथराव एक निंदनीय घटना है।
केजरीवाल ने कहा कि पहले मुस्लिमों पर हमला हुआ हम चुप रहे, फिर दलितों पर हमला हुआ हम तब भी चुप रहे लेकिन अब ये हमारे बच्चों के पीछे पड़े हैं तो क्या हम अब भी चुप ही रहेंगे।
उन्होंने कहा बच्चे ना तो हिंदू थे, ना मुसलमान उन पर इस तरह का हमला करना हमारे लिए डूब मरने वाली बात है। इस घटना के बारे में मैं रातभर सोचता रहा और सो नहीं सका। लोगों को आपस में लड़ाया जा रहा है।
केजरीवाल ने अपने आप को भगवान राम का भक्त बताते हुए कहा कि मैं हिंदू हूं, मैं भगवान राम का भक्त हूं और मैं पूछना चाहता हूं कि छोटे-छोटे बच्चों के साथ ऐसा क्यों हुआ। अगर आज भगवान राम होते तो यह नहीं होता।
उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा मिलने की भी बात कही। केजरीवाल बोले- राक्षसों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मैं भारत माता से प्यार करता हूं और भारत में ऐसी चीजें होते नहीं देख सकता।
उन्होंने आगे कहा कि भारत के लोग प्यार से रहना चाहते हैं और 26 जनवरी से पहले ऐसी वारदात का होना बहुत गलत है।