पहले ही प्रयास में देश की सबसे प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा आईएएस में टॉप करने वाली टीना डाबी ने 2014 में दिल्ली यूनिवर्सिटी के टॉप कॉलेजों में से एक लेडी श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है।
यूपीएससी में टॉप करने के बाद पहली बार जब वो अपने कॉलेज पहुंची तो उन्हें सुनने के लिए उनके कॉलेज के स्टूडेंट्स में कितनी उत्सुकता थी इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि पूरा ऑडीटोरियम उनके आने से पहले ही खचाखच भर चुका था।
अपने कॉलेज के छात्रों के सामने पहुंचते ही टीना ने अपने दिल की बात उनके साथ शेयर की। उन्होंने कहा कि एक महिला होने के नाते वो अपने सहकर्मियों और देश के बाकी आईएएस अफसरों के साथ-साथ छात्रों व महिलाओं के सामने एक उदाहरण पेश करना चाहती हैं।
टीना ने कहा कि एक महिला होने के नाते मैं महिलाओं से संबंधित मुद्दों और शिक्षा के क्षेत्र में काम करना चाहती हूं। अपने पेशे में आने के बाद मैं उन सभी स्कूलों और कॉलेजों का दौरा करुंगी ताकि यहां पढ़ने वाली लड़कियों को प्रोत्साहित कर सकूं। ताकि वो भी महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव के खिलाफ आवाज उठा सकें और अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ सकें।
डाबी ने लेडी श्रीराम कॉलेज से 2014 में पॉलिटिकल साइंस ऑनर्स में ग्रेजुएशन किया। अपने कॉलेज की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उनके कॉलेज ने उन्हें बताया कि वो क्या हैं और उनमें कितनी क्षमता है। डाबी ने कहा कि लेडी श्रीराम ने ही प्रोग्रेसिव वैल्यूज से रुबरू कराया।