बहुचर्चित प्रद्युम्न हत्याकांड में बुधवार को विकास सदन स्थित जुवेनाइल जस्टिस (जेजे) बोर्ड में सुनवाई हुई। बोर्ड ने मामले में अंतिम बहस के लिए शुक्रवार की तारीख निश्चित की है। इसी दिन बोर्ड अपना फैसला सुना सकता है। बुधवार को आरोपी छात्र की न्यायिक हिरासत की अवधि पूरी होने पर उसे भी पेश किया गया। बोर्ड के समक्ष हाजिरी लगाए जाने के बाद उसे 20 दिसंबर तक के लिए बाल सुधार गृह फरीदाबाद भेज दिया गया।
प्रद्युम्न हत्याकांड : शुक्रवार को होगी अंतिम बहस, तलवार दंपति की पैरवी करने वाले वकील लड़ेंगे केस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुधवार को जेजे बोर्ड के सामने सीबीआई की ओर से न तो जांच अधिकारी पेश हुए और न ही सीबीआई के अधिवक्ता। सीबीआई द्वारा आरोपी छात्र के उंगलियों के निशान लेने के आवेदन पर आरोपी छात्र के अधिवक्ता द्वारा जवाब दाखिल किया गया है। बता दें कि भोंडसी स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल में 8 सितंबर को दूसरी कक्षा के छात्र प्रद्युम्न की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गुरुग्राम पुलिस द्वारा बस कंडक्टर अशोक को गिरफ्तार किया गया था।
मामला 22 सितंबर को सीबीआई के अधीन चला गया था। इसके बाद सीबीआई ने जांच के उपरांत 7 नवंबर को 11वीं कक्षा के छात्र को हिरासत में लिया था। 3 दिन की रिमांड के बाद बोर्ड ने उसे बाल सुधार गृह फरीदाबाद भेज दिया गया था। इस मामले में प्रद्युम्न के अधिवक्ता की ओर से याचिका दायर की गई थी कि आरोपी ने संगीन वारदात को अंजाम दिया है, इसलिए उस पर बालिगों की तरह मुकदमा चलाया जाए। इसके साथ ही सीबीआई की ओर से आरोपी छात्र के उंगलियों के निशान लेने के लिए बोर्ड के समक्ष याचिका दायर की थी।
इस मामले में बोर्ड ने आरोपी छात्र के अधिवक्ता को जवाब दाखिल करने को कहा था। बुधवार को उन्होंने अपना जवाब दाखिल कर दिया। इसके साथ ही आरोपी छात्र के अधिवक्ता द्वारा बोर्ड के समक्ष सीबीआई द्वारा छात्र से तय समय से अधिक समय तक पूछताछ की याचिका भी दायर की गई थी।
इन तीनों ही मामलों में सुनवाई के लिए बोर्ड ने शुक्रवार की तारीख निश्चित की है। इस दिन तीनों मामलों में फाइनल बहस होने के बाद बोर्ड अपना फैसला सुना देगा। अधिवक्ता सुशील टेकरीवाल ने बताया कि आरोपी के बालिग और नाबालिग होने के मामले में बोर्ड ने सोशल इनवेस्टिगेशन रिपोर्ट व साइकॉलोजीकल रिपोर्ट मांगी थी जोकि बोर्ड को सौंपी जा चुकी है।