कैराना लोकसभा सीट पर 28 मई को होने वाले उप चुनाव में प्रचार करने के लिए हापुड़ से भाजपा विधायक विजयपाल आढ़ती समेत कई राजनीतिक दलों के दिग्गजों का वहां जमावड़ा लग गया है। कर्नाटक में भाजपा को झटका देने के बाद से दिग्गज कांग्रेसी भी वहां जाने के लिए उतावले हैं और...
कैराना उप चुनावः मैदान में नहीं है कांग्रेस प्रत्याशी फिर भी दिग्गज नेता जल्द पहुंचकर करेंगे प्रचार!
कर्नाटक में भाजपा को झटका देने के बाद से दिग्गज कांग्रेसी भी वहां जाने के लिए उतावले हैं और हाईकमान के निर्देश का इंतजार कर रहे हैं। कैराना लोकसभा सीट के उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह और विपक्ष की ओर से रालोद ने तबस्सुम बेगम को प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर भाजपा और समूचे विपक्ष की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है। इसलिए भाजपा समेत तमाम दलों ने चुनाव प्रचार के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी सांसदों, विधायकों व प्रमुख पदाधिकारियों को वहां के लिए रवाना कर दिया है।
हापुड़ से विधायक विजयपाल आढ़ती अपनी टीम के साथ पिछले कई दिन पहले चिलकाना मंडल में कैंप करने पहुंच गए। सूत्रों के मुताबकि प्रचार के लिए बाहर से वहां पहुंचने वाले दिग्गजों को डोर टू डोर जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाएं कर मतदाताओं को साधने की जिम्मेवारी सौंपी गई है।
विधायक विजयपाल आढ़ती ने बताया कि पिछले तीन दिनों से भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के समर्थन में वह अपनी टीम के साथ डोर टू डोर लोकसभा क्षेत्र कैराना चिलकाना मंडल के 70 में से 40 गांवों दौलतपुर, टोडरपुर (भूकड़ी), गोवर्धनपुर (डलानी), धौलाहेड़ी सौन्धेवास, गाजदीनपुर, पटनी, डासा, माजरा, गुमटी मलकपुर, महेश्वरी कला, डिंडौली आदि गांवों में जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाएं कर जिताने का आह्वान किया है। शेष गांवों को अगले कुछ दिनों में कवर करने की बात उन्होंने कही।
हापुड़ से रालोद के प्रदेश सचिव वरिष्ठ नेता शिव कुमार त्यागी, युवा प्रकोष्ठ के मंडल अध्यक्ष गौरव प्रताप, नितिन बाना, योगेश मलिक आदि अपनी टीम के साथ वहां जाकर जाट और त्यागी बाहुल्य इलाकों में जनसंपर्क कर प्रचार में जुटे हैं। बताया गया है कि इस तरह आसपास के शहरों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता वहां पहुंच रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता भी कैराना उप चुनाव में प्रचार कर विपक्षी प्रत्याशी तबस्सुम बेगम को जिताने के लिए उतावले हैं। अभी तक यहां की यूनिट के लिए कोई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व विधायक गजराज सिंह, प्रदेश मंत्री विजय गोयल का कहना है कि जैसे ही हाईकमान से कोई निर्देश आयेगा, वह कैराना को रवाना हो जाएंगे।