Hindon Airport आधे दिल्ली के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की उम्मीदों को आज यूपी के प्रवेश द्वार से उड़ान सेवा शुरू होने के साथ पंख लग जाएंगे। करीब ढाई वर्षों की कवायद के बाद सरकार हवाई चप्पल से हवाई सफर तक का सपना साकार करने जा रही है जो यहां के लोगों को सीधे देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने का काम करेगा। पश्चिम के साथ गाजियाबाद के लिए हिंडन हवाई अड्डा विकास के लिहाज से अहम साबित होगा, जो भविष्य में विकास के द्वार खोलने का काम करेगा। पिथौरागढ़ के बाद जल्द ही शेष सात अन्य रूटों पर भी उड़ान सेवा शुरू होगी।
Hindon Airport से फ्लाइट में ले जा सकेंगे सिर्फ 7 किलो का सामान, जानिए सभी सुविधाएं और नियम
फ्लाइट से कैरी कर सकेंगे महज 7 किलो का सामान
हिंडन एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़ने वाले यात्री महज सात किलो तक का ही सामान ले जा सकेंगे। सिर्फ एक हैंडबैग ले जाने की ही अनुमति होगी। उधर, एयरपोर्ट की शुरुआत से पहले ही पुलिस और प्रशासन ने यहां की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर ली है। यात्रियों को यहां पहले दिन से ही वाई-फाई की सुविधा मिल सकेगी। यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क होगी। यात्रियों को करीब 45 मिनट पहले चेक इन करना होगा। स्टार और हेरिटेज दोनों कंपनियों ने अपने चेक इन काउंटर तैयार कर लिए हैं। साथ ही लगेज बेल्ट और अन्य व्यवस्थाएं भी की जा चुकी हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार कोशिश में लगी है कि सूबे के चार अन्य शहरों को भी उड़ान सेवा मिले, जिसमें लखनऊ और इलाहाबाद पर लगभग सहमति बन चुकी है, जिसे जल्द ही स्वीकृति मिलने की संभावना है। दिल्ली हवाई अड्डे पर फ्लाइट का दबाव अधिक होने के कारण घरेलू उड़ान सेवा के लिए हिंडन एयरपोर्ट को बड़े विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। शुरूआत में हल्के विमानों की सेवा शुरू की जा रही। उसके बाद 60 व 80 सीटर विमानों की सेवा मिल सकेगी।
फ्लाइट पकड़ने वाले समय की होगी बचत
उधर, रूटों की संख्या भी एक साल में बढ़कर करीब 20 करने की तैयारी है। हिंडन से उड़ान सेवा शुरू होने पर दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, मेरठ से लेकर बिजनौर और अलीगढ़ तक के लोगों को सीधे लाभ मिलेगा। अभी तक फ्लाइट से चलने वाले लोगों को पूरी दिल्ली को पार कर करीब 45 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। व्यस्त समय में इस दूरी को तय करने में करीब दो से तीन घंटे लगते हैं जबकि सामान्य समय में भी डेढ़ से दो घंटे लगते हैं। अब फ्लाइट पकड़ने के लिए उस समय की बचत हो सकेगी।
हिंडन एयरपोर्ट से भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने उत्तर प्रदेश सरकार से स्थाई तौर पर जमीन की मांग की है। मौजूदा वक्त में टर्मिनल को तीन साल के लिए जमीन लीज पर लेकर बनाया गया है। आगे की संभावनाओं को देखते हुए अब जमीन खरीदने की तैयारी है। इसको लेकर प्रशासन की तरफ से प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेजा जा चुका है। उधर, राज्य सरकार ने भी जमीन खरीद को लेकर अथॉरिटी से धनराशि की डिमांड कर दी है।