फरीदाबाद की पृथला विधानसभा से भाजपा से बागी होकर निर्दलीय मैदान में उतरे नयनपाल रावत ने 16,443 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। नयनपाल रावत भाजपा के बागी विधायक हैं। अब जब भाजपा को छह विधायकों की जरूरत है तो नयनपाल ने घर वापसी का मन बनाया है। शुक्रवार को उन्होंने भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की और पार्टी को समर्थन देने की इच्छा जाहिर की। आगे स्टोरी में पढ़िए कैसे उन्होंने अपने दम पर भाजपा और कांग्रेस दोनों की राह रोकी....
2 of 5
नयनपाल रावत
- फोटो : अमर उजाला
पहले राउंड में कांग्रेस के रघुबीर तेवतिया ने बढ़त ली, मगर दूसरे राउंड से रावत ने ने बढ़ना शुरू किया, तो फिर लगातार बढ़त लेते चले गए। उन्होंने कांग्रेस के रघुबीर सिंह तेवतिया को हराया जबकि भाजपा प्रत्याशी सोहनपाल छोंकर तीसरे स्थान पर रहे। नयनपाल रावत वर्ष 2014 में भी भाजपा की टिकट पर पृथला विधानसभा से मैदान में उतरे थे, मगर उस समय वह 35,999 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे थे। पिछले 10 साल से पृथला क्षेत्र में जुटे रावत का भाजपा ने इस बार टिकट काटकर उनके स्थान पर सोहनपाल छोंकर को थमा दिया। भाजपा का टिकट कटने से नाराज नयनपाल रावत ने गांव चंदावली में महापंचायत कर निर्दलीय ही मैदान में उतरने की घोषणा कर दी थी। जनता ने भी उन्हें खूब समर्थन दिया। ऐसे में पृथला विधानसभा क्षेत्र में पहले ही दिन से कांग्रेस के रघुबीर सिंह तेवतिया और नयनपाल रावत के बीच टक्कर मानी जा रही थी।
बृहस्पतिवार को मतगणना शुरू होने के साथ ही एक-एक कर जब इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) खुलनी शुरू हुई तो पहले राउंड में रघुबीर सिंह तेवतिया 741 वोट से आगे रहे। मगर दूसरे राउंड से नयनपाल रावत ने बढ़त लेनी शुरू की तो फिर नहीं रुके। आठवें राउंड तक नयनपाल रावत करीब आठ हजार वोटों से आगे चल रहे थे। जैसे-जैसे ईवीएम खुलती गई, वैसे-वैसे मतगणना केंद्र में बैठे उनके एजेंटों के चेहरे खिलते चले गए।
4 of 5
जश्न मनाते भाजपा समर्थक
- फोटो : PTI
आखिरी 15वें राउंड में नयनपाल रावत 16,443 मतों से बढ़त लेकर लगभग जीत सुनिश्चित कर चुके थे, तब वे अपने समर्थकों के साथ मतगणना केंद्र पर पहुंचे। समर्थकों ने उन्हें अपने कंधों पर बैठा लिया और जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। हालांकि मतगणना जारी होने के कारण पुलिस ने उनके समर्थकों को गेट पर ही रोक लिया और अंदर नहीं जाने दिया।
5 of 5
भाजपा कार्यकर्ता
- फोटो : amar ujala
इस पर नयनपाल रावत भी समर्थकों के साथ वापस लौट गए। मतगणना पूरी होने के बाद वे दोबारा आए और निर्वाचन अधिकारी से अपनी जीत का प्रमाण पत्र लिया। निर्वाचन अधिकारी के अनुसार नयनपाल रावत को कुल 64,625, कांग्रेस के रघुबीर सिंह तेवतिया को 48,196 और भाजपा के सोहनपाल छोंकर को 21,322 मत मिले हैं।