दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने अपनी महत्वकांक्षी 'डोर स्टेप डिलीवरी योजना' का शुभारंभ कर दिया है। इस योजना के तहत सरकार 40 सरकारी सेवाएं घर-घर तक पहुंचाएगी। बताया जा रहा है कि यह दुनिया में अपनी तरह की पहली योजना है। इस योजना की शुरुआत करते वक्त केजरीवाल ने राज खोला कि उनकी यह योजना किस शख्स का आइडिया है। उन्होंने बताया कि इसका आइडिया उन्हें किसने दिया।
उन्होंने बताया कि यह सुझाव गोपाल मोहन का है। गोपाल मोहन केजरीवाल के टेक्निकल सलाहकार हैं और उन्होंने ही इस आइडिया को सोचा और इस पर काम किया। अब आप ये जरूर जानना चाहेंगे कि आखिर गोपाल मोहन हैं कौन? तो पढ़िए ये खबर और जानिए गोपाल मोहन के बारे में सबकुछ...
जिस गोपाल मोहन की सीएम केजरीवाल ने आज बहुत तारीफ की उनका और केजरीवाल का साथ बहुत पुराना है। गोपाल मोहन को अरविंद केजरीवाल के साथ अन्ना आंदोलन के समय से ही देखा जा रहा है। गोपाल केजरीवाल की कोर टीम का हिस्सा बताए जाते हैं। आईआईटी दिल्ली से एनर्जी स्टडीज में मास्टर्स करने वाले गोपाल मोहन सीएम अरविंद केजरीवाल के टेक्नोलॉजी और एंटी करप्शन मामलों के सलाहकार हैं।
मीडिया की चकाचौंध से दूर रहने वाले गोपाल मोहन लो प्रोफाइल रहकर काम करने के लिए जाने जाते हैं। गोपाल 3 साल से सेवाओं की डोरस्टेप डिलीवरी के साथ ही राशन की डोरस्पेट डिलीवरी योजना पर भी काम कर रहे हैं। ये दोनों गोपाल मोहन के ही आइडिया हैं। हालांकि राशन की डोरस्टेप डिलीवरी जरूर अभी भी अटकी पड़ी है।
डोर स्टेप डिलीवरी के साथ ही गोपाल मोहन वाईफाई और सीसीटीवी कैमरा के मुद्दे पर भी वो काम कर रहे हैं। यहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हफ्ते में 3 दिन जो जनता दरबार लगाते हैं उसका भी ज्यादातर काम गोपाल मोहन देखते हैं और जनता की समस्याओं के निपटारे की कोशिश करते हैं। इस तरह गोपाल मोहन केजरीवाल की सभी खास योजनाओं से जुड़े हुए हैं।