बृहस्पतिवार की सुबह 9 बजे शहर के पांच अलग-अलग स्थानों पर अचानक भूकंप आ गया। इसमें बड़ी संख्या में नुकसान हुआ और लोग घायल हो गए। सायरन बजते ही जिला आपदा प्रबंधन के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और बहुमंजिली इमारतों में फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया।
दरअसल, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन द्वारा पांच स्थानों पर मॉकड्रिल की गई थी। भूकंप प्रभावित एवं निर्धारित पहले रेस्क्यू भवन क्राउन प्लाजा मॉल के लिए एसडीएम महाबीर प्रसाद के नेतृत्व में टीम बनाई गई।
दूसरे स्थान सर्वोदय अस्पताल भवन सेक्टर-8 के लिए हुडा के संपदाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में, तीसरे स्थान हीवो अपार्टमेंट सेक्टर-16ए के लिए हुडा के अधीक्षण अभियंता एके गुलाटी के नेतृत्व में, चौथे स्थान राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनएच तीन के लिए नगर निगम के संयुक्तायुक्त अमरदीप जैन के नेतृत्व में तथा पांचवें स्थान लघु सचिवालय खंड बी भवन, एसडीएम, आरटीए व तहसीलदार कार्यालय के लिए बल्लभगढ़ के एसडीएम पार्थ गुप्ता के नेतृत्व में टीमें गठित की गईं।
सायरन बजते ही भूकंप आने की आशंका व आपदा की काल्पनिक घटना मानते ही लघु सचिवालय भवन में कार्यरत सभी अधिकारी, कर्मचारी व अन्य लोग लिफ्ट का प्रयोग किए बिना सीढ़ियों से ही नीचे उतरकर लघु सचिवालय पार्किंग एरिया में जमा हुए।
सूचना पर खेल परिसर से सभी रेस्क्यू टीमें अपने-अपने निर्धारित स्थानों के लिए रवाना हो गईं और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिए। एनडीआरएफ (नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट) की टीम ने लघु सचिवालय के मलबे में फंसे और घायलों को विभिन्न तरीकों से निकालने का प्रदर्शन किया।