पीडब्ल्यूडी विभाग हो या फिर ट्रैफिक पुलिस बेपरवाह हो रही है। सरकार समेत किसी भी विभाग को दिल्ली के लोगों की परवाह नहीं है। इस लापरवाही का नतीजा है कि रिंग रोड, आश्रम चौक व कालिंदी कुंज में सोमवार को दिनभर जाम रहा है। जाम इस कदर था कि तीन से चार किमी जाम लग गया था। पूरे दिन में हर समय तीन से चार किलोमीटर जाम रहा। सोमवार को जाम में फंसे लोगों को एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी तय करने में दो से ज्यादा घंटे का समय लग गया। बारिश की वजह से सड़कों पर गड्ढे इस जाम के कारण थे। हालात ये थे कि जाम को संभालने के लिए कहीं भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी दिखाई नहीं दिए। जाम में फंसे लोग बेबस नजर आ रहे थे और व्यवस्था को कोसने में लगे हुए थे।
Delhi: जिम्मेदार नहीं कर रहे काम, राजधानी में दिन भर लगा रहा जाम, ट्रैफिक पुलिस व पीडब्ल्यूडी बेपरवाह
आश्रम चौक पर रिंग रोड पर दोनों कैरिज्वे पर सोमवार को जबरदस्त जाम रहा था। दोनों कैरिज्वे पर सुबह से शुरू से जाम शुरू हो गया था और देर रात तक जाम लगा हुआ था। दोनों की कैरिज्वे पर हर संभव तीन से चार किलोमीटर जाम लगा हुआ था। दरअसल लाजपत नगर से डीएनडी की तरफ जाते हुए एक तो आश्रम चौक से उतरते ही पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में साइड में दो लेन की रोड है। दो लेन की रोड पर आश्रम चौक से उतरने वाला, निजामुद्दीन से आने वाला व मथुरा रोड-सरिता विहार से आने वाला ट्रैफिक मर्ज होता हैं। ऐसे में यहां सुबह-शाम जाम की स्थिति रहती थी। साथ ही इस दो लेन के रोड पर बारिश के चलते करीब आधा किलोमीटर के स्ट्रैच पर गड्ढे हो गए हैं। इस कारण ट्रैफिक निकल नहीं पा रहा था। इससे लाजपत नगर की तरफ एम्स तक जाम लग गया था। यहीं हाल डीएनडी से लाजपत नगर की तरफ जाने वाले कैरिज्वे का है।
यहां पर डीएनडी से लाजपत नगर की तरफ जाते हुए तैमूर नगर की रेड लाइट के पास रिंग रोड पर सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढो में पानी भरा हुआ है। ऐसे में इस कैरिज्वे पर जाम लग गया था और दिन भर तीन से चार किलोमीटर जाम लगा रहा। यहां पर जाम एनएच-24 तक पहुंच गया था। इसके अलावा सराये कालेखां फ्लाईओवर पर भी गड्ढे हो गए हैं। इस कारण सरायकालेखां पर दोनों कैरिज्वे पर दिनभर जाम लगा रहा।
कालिंदी कुंज में दिनभर लगा रहा जाम
इसके अलावा कालिंदी कुंज से नोएडा जाने वाले मार्ग भी नोएडा की तरफ बारिश से सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। इस कारण वाहनों की गति थम जाती है। ऐसे में दिल्ली से कालिंदी कुंज होते हुए नोएडा जाते कैरिज्वे पर दिन भर जाम लगा रहा। वाहनों की दो से तीन किमी लंबी लाइन लग गई थी। यहां भी जाम में फंसे लोग बेबस नजर आए। कालिंदी कुंज व आश्रम चौक-डीएनडी दिल्ली से नोएडा जाने वाले प्रमुख मार्ग हैं।
पीडब्ल्यूडी को कई बार पत्र लिखा है
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि आश्रम चौक व कालिंदी कुंज समेत अन्य जगहों पर सड़कों पर हो रहे गड्ढों को लेकर पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखा है। मगर पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वहीं एक ट्रैफिक अफसर का कहना है कि सड़क बनाना ट्रैफिक पुलिस का काम नहीं है।