ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी-2 के फ्लैट नंबर 1446 में मां-बेटी की दिल दहला देने वाली हत्या के मामले में जो सच सामने आ रहा है वो रिश्तों और भरोसे को हिला देने वाला है।
मंगलवार (4 दिसंबर) की शाम जब इस पुलिस ने इस फ्लैट का दरवाजा खोला तो कमरे में पंखे से लेकर चारों दीवार और जमीन पर खून के छींटे फैले हुए थे। कमरे में कैंची और खून से सना बैट मिला है।
मां-बेटी के चेहरे पर कैंची से बेरहमी से वार किया गया फिर बैट से पीटा गया। इतना ही नहीं, हत्या के बाद दोनों की लाश को कंबल से ढंक दिया गया। प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज की जांच से जो सच सामने आया है वो असल में झकझोर देने वाला है।
चार दिसंबर की रात साढ़े सात बजे के आस-पास मां-बेटी और बेटा अपने फ्लैट से नीचे उतरते हैं। बेटा अपार्टमेंट कैंपस से बाहर चला जाता है और मां-बेटी अपार्टमेंट के लॉन में टहलने लगते हैं।
करीब 15 मिनट बाद बेटा खाना लेकर वापस आता है और तीनों वापस फ्लैट नंबर 1446 में चले जाते हैं। करीब तीन घंटे बाद रात 10.30 के आस-पास सीसीटीवी फुटेज में बेटा अकेला अपार्टमेंट से बाहर जाते हुए दिखता है। कमरे में बेटे के खून से सने कपड़े भी मिले हैं।