बीमारियों से बचने के लिए लोग अपने वजन पर नियंत्रण रखने के लिए व्यायाम करते हैं। लेकिन कई लोग सुबह का नाश्ता किए बगैर जल्दबाजी में ऑफिस निकल जाते हैं। ऐसे लोगों को नाश्ता नहीं करना महंगा पड़ सकता है।
दिल्ली के डॉक्टरों की मानें तो नाश्ता नहीं करने से दिमाग पर बुरा असर पड़ सकता है। इनका कहना है कि कुछ लोग कैलोरी के चक्कर में पड़कर भी नाश्ता नहीं लेते हैं। लेकिन यह गलती आपको बीमार बना सकती है। सुबह नाश्ता ना करने से इंसान के शरीर में मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है। इसके कारण वजन बढने जैसी कई दिक्कतें होने लगती हैं। अगर रोज सुबह नाश्ता करके घर से निकलें तो इससे मस्तिष्क क्रियाएं भी ठीक तरीके से काम करती हैं।
बत्रा अस्पताल के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. एसके चौधरी बताते हैं कि मेटाबॉल्जिम धीमे होने से वजन बढ़ता है। वहीं शुगर का लेवल कम होने की परेशानी भी रहती है। जब लंच करते हैं तो जरूरत से ज्यादा खा लेते हैं। इससे वजन तेजी से बढ़ता है। अमेरिकन स्टडी का हवाला देते हुए डॉ. चौधरी ने बताया कि नाश्ता न करने वाले लोगों में 27 फीसदी हार्ट अटैक का खतरा ज्यादा होता है। वहीं मैक्स अस्पताल के डॉ. रजनीश मल्होत्रा बताते हैं कि नाश्ता न करने से वजन के साथ टाइप 2 मधुमेह बढने की आशंका भी कई गुना बढ़ जाती है।
इस तरह दिमाग पर डालता है असर
दिल्ली सरकार के जीबी पंत सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के न्यूरो विशेषज्ञ डॉ. दलजीत सिंह बताते हैं कि नाश्ता न करने से दिमाग को पर्याप्त न्यूट्रीशन और एनर्जी नहीं मिल पाते। जिसके कारण मस्तिष्क पर बुरा असर पड़ता है। कई बार किसी काम में मन न लगने की परेशानी भी हो सकती है। इतना ही नहीं डॉक्टरों की मानें तो रातभर पेट खाली रहने के कारण उसमें एसिड की मात्रा बढ़ जाती है। ऐसे में सुबह कुछ भी न खाने पर एसिडिटी की परेशानी हो सकती है।