नए साल के आगमन को लेकर कार कंपनियों की ओर से ग्राहकों को लुभाने के लिए भरपूर ऑफर दिए जा रहे हैं। पुराने मॉडल की कारों पर काफी अच्छे ऑफर हैं। 2016 मॉडल की कार दो लाख रुपये तक की छूट पर मिल रही है। इससे ग्राहकों को नए वेरियंट की कार कम दाम में मिल सकती है।
दरअसल, चार पहिया वाहनों की ख्वाहिश रखने वालों का ध्यान रखते हुए कार कंपनियों की ओर से कई ऑफर दिए जा रहे हैं। यह उन कारों पर ऑफर है, जो एक से दो साल पुरानी हैं, यह कारें बिक नहीं पाई थीं, इसलिए कंपनियों की ओर से ऐसी कारों पर दो लाख रुपये तक की छूट दी जा रही है, जबकि यह कारें पूरी तरह नई हैं।
कंपनी अधिकारियों की मानें तो हर साल दिसंबर में कंपनियां अपनी पुरानी कारों (उसी साल निर्मित) को बेचने का भरपूर प्रयास करती हैं, मगर कई बार शोरूम में इस तरह की कारें बिक नहीं पाती हैं।
कई बार ग्राहक द्वारा कार की बुकिंग करा दी जाती है और किन्हीं कारणों से वह खरीद नहीं पाते हैं, तो इन हालात में कार खड़ी रह जाती हैं। ऐसी कारों को बेचने का प्रयास किया जाता है। जब जनवरी से नए मॉडल की कार आ जाती हैं, तो लोग उसी को लेना चाहते हैं। इन कारणों से पुरानी कारें शोरूम में रह जाती हैं और उन पर बड़ा ऑफर दे दिया जाता है।
इस साल के सबसे बेहतर ऑफर- नवरात्र, दिवाली व धनतेरस आदि पर लोगों द्वारा अपनी योजना और बजट के अनुसार कार खरीद ली जाती हैं। मगर किन्हीं कारणों से जो लोग उस मौके का लाभ नहीं उठा पाए थे, उनके लिए साल का यह सबसे बेहतर ऑफर है।