दिल्लीः रेव पार्टी में आपत्तिजनक हालत में थीं कई लड़कियां, जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे
रेव पार्टी में शुरू में आबकारी विभाग ने दबिश दी थी। दबिश देखकर पार्टी में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। जो जैसा और जिस हालत में था पार्टी से बाहर भागने लगा। बताया जाता है कि कई लड़कियां अर्द्धनग्न अवस्था में थीं। पुलिस को देखते ही लोग अपनी गाड़ियों की तरफ भागे और मौके से फरार हो गए। अधिकारियों के अनुसार पार्टी में करीब 200 से ज्यादा लड़के-लड़कियां व आयोजक, व कर्मचारी थे।
सूचना के बाद आबकारी विभाग के एक एसीपी, दो इंस्पेक्टर, चार सब-इंस्पेक्टर, आठ हवलदार और नौ सिपाहियों ने छापा मारा था। आबकारी विभाग की ये पुलिस टीम पार्टी में आए इन संख्या में लोगों को संभाल नहीं पाई। पार्टी में आए ज्यादातर लोग फरार हो गए थे। आबकारी विभाग की टीम करीब 30 से 40 लोगों को ही हिरासत में ले पाई थी। इसके बाद स्थानीय महरौली थाना पुलिस को सूचना दी गई। इन लोगों को पूछताछ के बाद रविवार शाम तक छोड़ दिया। रात होने की वजह से पुलिस ने पार्टी में आईं लड़कियों को हिरासत में नहीं लिया था।
पुलिस का दावा मुख्य आयोजक पुलकित ही लाता था ड्रग्स
पुलिस का दावा है कि मुख्य आयोजक पुलकित रस्तोगी ही मॉर्फिन ड्रग्स लेकर आता था। आबकारी विभाग व महरौली थाना पुलिस उससे पूछताछ करने में लगी हुई है कि वह मॉर्फिन कहां से लाता था।
कैफे में बने हैं केबिन, कम रोशनी में हो रही थी पार्टी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पार्टी के दौरान बहुत ही कम रोशनी वाली लाइटें जली हुई थीं। कैफे में केबिन बने हुए हैं। उनमें लड़के-लड़कियां बैठे हुए थे। पुलिस को देखकर ज्यादा लोग भाग गए। काफी लोगों का सामान व बैग मौके पर ही रह गया।
क्या है मॉर्फिन ड्रग्स :
मॉर्फिन का इस्तेमाल दर्द निवारक दवा के तौर पर होता है। यह अफीम से तैयार होता है। अगर अफीम पूरी तरह शुद्घ है तो उसमें 60 से 70 फीसदी मॉर्फिन होती है। भारत में एक किलो अफीम एक से डेढ़ लाख रुपये में मिलती है, जबकि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में एक किलो अफीम की कीमत 50 लाख रुपये में मिलती है।