उत्तर- पश्चिम दिशा से आने वाली हवा की रफ्तार बढ़ने से शनिवार को राजधानी की हवा में प्रदूषण का स्तर 45 अंक गिरा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 251 दर्ज किया गया। जबकि एक दिन पहले यह आंकड़ा 296 था और गुरुवार को 283 रहा था। इसके अलावा दिल्ली -एनसीआर में शामिल गाजियाबाद व फरीदाबाद समेत अन्य इलाकों में भी हवा का स्तर में सुधार दर्ज किया गया।
तेज हवाओं ने सुधारी दिल्ली-एनसीआर की आबोहवा, आज औसत श्रेणी में पहुंच सकती है वायु गुणवत्ता
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु मानक संस्था सफर के अनुसार, दिल्ली के पड़ोसी राज्य हरियाणा, पंजाब व उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को 1,264 पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गई, जिसकी प्रदूषण में 13 फीसद हिस्सेदारी रही। जबकि एक दिन पहले केवल 495 पराली जलाने की घटनाओं के साथ 15 फीसद हिस्सेदारी रही थी।
साफ है कि पिछले एक दिन में राजधानी में अन्य प्रदूषित तत्वों ने प्रदूषण को बढ़ाया है। प्रदूषित तत्वों में शामिल पार्टिकुलेट मैटर( पीएम) की बात करें तो पीएण10 का स्तर 175 और पीएम 2.5 का स्तर 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के साथ खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। जबकि एक दिन पहले पीएम 10 का स्तर 231 और पीएम 2.5 का स्तर 136 रहा था। पीएम का 10 का स्तर 100 से कम व पीएम 2.5 का स्तर 60 से कम होने पर सुरक्षित माना जाता है।
सफर के मुताबिक, उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाली हवा की रफ्तार में इन दिनों वृद्धि हो रही है। इस वजह से आसमान पूरी तरह से साफ हो रहा है और प्रदूषित तत्वों को जमने में मदद नहीं मिल रही है। ऐसे में रविवार तक प्रदूषण का स्तर औसत श्रेणी में भी पहुंच सकता है, जिससे दिल्ली वाले और साफ हवा में सांस ले सकते हैं। हालांकि, सोमवार से एक बार फिर दिल्ली की हवा बिगड़ कर खराब से बहुत खराब श्रेणी में भी पहुंच सकती है।
दिल्ली- एनसीआर में भी सुधरा हवा का स्तर
पिछले एक दिन के मुकाबले दिल्ली- एनसीआर में शामिल गाजियाबाद, फरीदाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और नोएडा सभी इलाकों में हवा का स्तर में सुधार रहा। जबकि एक दिन पहले ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और नोएडा में 300 से ऊपर आंकड़े के साथ बहुत खराब हवा का स्तर रहा था। हालांकि, शनिवार को सभी इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से कम दर्ज किया गया।
दिल्ली- एनसीआर के आंकड़े
नोएडा- 231
गुरुग्राम- 256
ग्रेटर नोएडा- 228
गाजियाबाद- 238
फरीदाबाद- 246