दक्षिण दिल्ली के मदनगीर इलाके में पिता के जन्मदिन पर एक बेटा सरप्राइज गिफ्ट देने के लिए केक लेने घर से निकला, लेकिन रास्ते में चार लड़कों ने बहुत बेरहमी से युवक की चाकू से वार कर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त कुणाल सांवरिया (19) के रूप में हुई है। आरोपियों ने बीच सड़क पर कुणाल पर ड्रैगन चाकू से दर्जन भर से अधिक वार किए। इस बीच भीड़ तमाशबीन रही। किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। कुणाल के अचेत होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स मोर्चरी भेज दिया है। दोनों से पूछताछ कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरूआती जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। आगे पढ़िए कैसे एक बार फिर जनता ने इस मामले में अपनी असंवेदनशीलता दिखाई, क्योंकि जिस वक्त लोग कुणाल को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान शायद बचा सकते थे उस वक्त वह लोग इस वारदात को अपने मोबाइल में कैद करने में लगे थे....
कुणाल हत्याकांड: पिता के जन्मदिन पर सरप्राइज केक लाने गया था बेटा, चाकू से दर्जनभर से ज्यादा वार कर उतारा मौत के घाट
पुलिस के मुताबिक कुणाल सांवरिया परिवार के साथ आई-2, मदनगीर में रहता था। इसके परिवार में पिता पवन कुमार, मां विमला देवी, बड़ा भाई रवि कुमार व बहन कोमल हैं। कुणाल ने इसी साल 12वीं कक्षा पास की थी। उसके पिता पवन एमसीडी में माली की नौकरी करते हैं। मंगलवार को कुणाल के पिता पवन का जन्मदिन था। कुणाल अपने पिता को सरप्राइज देने के लिए चुपचाप रात के समय घर से केक लेने निकल गया। कुणाल ने केक लाने की बात अपने बहन को बताई थी। इस बीच करीब नौ बजे के आसपास मदनगीर के भुमिया चौक के पास चार-पांच युवकों ने उसे घेर लिया। कहासुनी के बाद अचानक आरोपियों ने कुणाल पर चाकू से हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में चार आरोपी चारों ओर से कुणाल को चाकू मारते दिख रहे हैं। कुणाल ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाने का भी प्रयास किया, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका।
आरोपियों ने उसके सिर, गर्दन, सीने, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में दर्जनभर से अधिक चाकू मारे। इस दौरान भीड़ तमाशबीन रही। वारदात के बाद लोगों ने परिवार को मामले की सूचना दी। खबर मिलते ही भाई रवि स्कूटी लेकर मौके पर पहुंचा। एक अन्य युवक की मदद से स्कूटी पर बिठाकर मैक्स अस्पताल पहुंचा, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि 9.30 बजे उनकी टीम को सूचना मिली थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया, हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
पिता को सरप्राइज देने निकला था कुणाल, खुद की मौत का दिया सरप्राइज...
एम्स अस्पताल की मोर्चरी में मौजूद कुणाल के पिता की आंखों से टप-टप आंसू टपक रहे थे। रोते हुए पवन कह रहे थे कि कुणाल उनका सबसे छोटा बच्चा था। पवन ने बताया कि बच्चे उनके जन्मदिन को लेकर उत्साहित थे। लॉक डाउन होने के बाद भी उनके बेटे ने केक की एक दुकान का पता किया और केक लेने निकला था। उसने बस अपनी बहन को केक की बात बताकर बाकी पापा को सरप्राइज देना था। कोमल ने रोते हुए बताया कि भाई पिता को केक से सरप्राइज तो न दे सका, लेकिन उसने अपनी मौत से सबको सरप्राइज जरूर कर दिया। परिवार का कहना है कि कुणाल की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उसका तो आज तक किसी से झगड़ा भी नहीं हुआ था। पुलिस उसके दोस्तों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
वारदात के बाद अंतिम सांस तक तड़पता रहा कुणाल, बनाते रहे लोग मोबाइल से वीडियो...
भुमिया चौक, मदनगीर चलती हई सड़क पर आरोपियों ने कुणाल को चाकू से गोद डाला। वैसे तो दिल्ली में लॉक डाउन लगा है, लेकिन बावजूद इसके वहां खासी चहल-पहल थी। वारदात के समय जब आरोपी कुणाल पर हमला कर रहे थे, लोग वहां मौजूद थे। लेकिन किसी ने भी हिम्मत दिखाकर आरोपियों को रोकने का प्रयास नहीं किया। और तो और वारदात के बाद आरोपी जब वहां से चले गए तो कुणाल आखिरी सांस तक वहां तड़पता रहा। लोग अपने-अपने मोबाइल से वीडियो बनाने में व्यस्त रहे। खबर मिलने के बाद जब कुणाल का बड़ा भाई रवि वहां पहुंचा तब तक देर हो चुकी थी। रवि स्कूटी पर बीच में बिठाकर एक अन्य युवक की मदद से कुणाल को अस्पताल भी ले गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अब पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से आरोपियों की पहचान कर रही है।