डॉक्टर गरिमा के परिजनों का चौंकाने वाला खुलासा, ये हो सकती है हत्या की वजह
पुलिस को पता चला है कि चंद्र प्रकाश ने वारदात के बाद अपने मोबाइल से कुल सात कॉल की है। परिजनों को भी कॉल कर बड़ी गलती हो जाने की बात कही है। मंगलवार रात को उसके मोबाइल की आखिरी लोकेशन मयूर विहार की थी। इसके बाद से लगातार उसका मोबाइल बंद आ रहा था। पुलिस टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंचने के प्रयास में सफल हुई। दरअसल, रंजीत नगर इलाके में मंगलवार रात को एमडी की तैयारी कर रही डॉ. गरिमा मिश्रा की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद से उसका साथी डॉ.चंद्र प्रकाश वर्मा फरार हो गया था।
छानबीन के दौरान पुलिस को रंजीत नगर इलाके में एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली है। इसमें चंद्र प्रकाश बैग लेकर भागते हुए दिखाई दे रहा था। पुलिस रंजीत नगर इलाके में रहने वाले ऑटो चालकों से भी पूछताछ कर रही थी।
पुलिस को पता चला है कि गरिमा से मुलाकात होने के बाद आरोपी चंद्र प्रकाश उसके नजदीकियां बढ़ाना चाहता था, लेकिन यह बात गरिमा को पसंद नहीं थी। कई बार उसने इसका विरोध भी किया था।
गरिमा के परिजनों ने पुलिस को बताया है कि दो माह पूर्व गरिमा ने कॉल कर परिजनों को साथ रहने वाले डॉक्टर द्वारा परेशान करने की बात कही थी। लेकिन बाद में उसने बताया कि मामले को सुलझा लिया है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि एक तरफा प्यार में आरोपी चंद्र प्रकाश ने वारदात को अंजाम दिया।
एनसी जोशी अस्पताल के स्टाफ से पूछताछ
बृहस्पतिवार को पुलिस करोलबाग स्थित एनसी जोशी अस्पताल के स्टाफ से पूछताछ कर गरिमा और चंद्र प्रकाश के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार देर शाम को पोस्टमार्टम के बाद गरिमा का शव परिवार को सौंप दिया गया था। परिवार शव को लेकर गोरखपुर के लिए रवाना हो गया था। परिवार ने बृहस्पतिवार को शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया।