दिवाली पर्व पर आधी रात को पटाखे फोड़ रहे युवकों को रोकने पर उन्होंने गश्त कर रहे एएसआई जमील खान व हवलदार शीश पाल पर बेसबॉल के डंडे, हॉकी, शराब की बोतल आदि से हमला कर दिया।
आधी रात को फोड़ रहे थे पटाखे, ASI ने रोका तो किया जानलेवा हमला पुलिस की गाड़ी भी तोड़ी
हमले में एएसआई जमील खान को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हमलावरों ने पुलिस की गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। थाना एसजीएम नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। तीन नंबर चौकी में तैनात एएसआई जमील खान व हवलदार शीशपाल दिवाली की रात गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि बीके अस्पताल में नंगला में हुए एक झगड़े के मामले में हमलावर यहां भी आ गए और हंगामा कर रहे हैं। इस पर पुलिस पार्टी बीके अस्पताल पहुंची, मगर वहां सब कुछ शांत था।
इस पर दोनों पुलिसकर्मी वहां से वापस एनआईटी तीन में गश्त करने निकल गए। चिमनी बाई धर्मशाला से थोड़ा आगे प्रयाग मेडिकल स्टोर वाली रोड के चौराहे पर रात करीब 1.30 बजे 10-15 युवक पटाखे फोड़ रहे थे। गश्त कर रहे एएसआई जमील खान ने अपनी गाड़ी उनके पास रुकवाई और देर रात हो जाने के कारण उन्हें पटाखे फोडने से मना करते हुए घर चले जाने को कहा।
जमील खान के अनुसार शराब के नशे में धुत युवक उनके साथ बहस करने लगे और कुछ ही देर में युवकों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावर बेसबॉल के डंडे, हॉकी, रॉड आदि लेकर आ गए और उन्हें पीटने लगे। हवलदार शीश पाल जैसे तैसे उनके चंगुल से निकलकर भागा और कंट्रोल रूम में फोन कर पुलिस पार्टी पर हमले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही आसपास के थाने चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची, मगर तब तक हमलावर मौके से फरार हो गए थे।
घायल एएसआई जमील खान को बीके सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। शराब की बोतल से वार करने के कारण उनका सिर फट गया है और टांके आए हैं। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मारपीट, सरकारी काम व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। थाना एसजीएम नगर प्रभारी ने बताया कुछ आरोपियों की पहचान हो गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।