नई दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में कारोबारी ने पत्नी और छह वर्षीय बेटी को जहरीला पदार्थ देकर खुद भी जहर खा लिया, लेकिन व्यापारी के पड़ोसियों को शक है कि ये सुसाइड नहीं है क्योंकि...
पत्नी-बेटी को जहर देकर व्यापारी ने खुद भी दे दी जान, पड़ोसियों को शक ये सुसाइड नहीं क्योंकि...
नई दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में कारोबारी ने पत्नी और छह वर्षीय बेटी को जहरीला पदार्थ देकर खुद भी जहर खा लिया। तीनों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां तीनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की शिनाख्त विक्की (35) ललिता (30) और रांची (6) के रूप में हुई है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। वहीं, विक्की का तीन साल का बेटा बच गया। दरअसल, घटना के समय वह पड़ोसी के घर पर था। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि विक्की का अपने पिता के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद था।
पुलिस के मुताबिक, विक्की गोविंदपुरी में रहता था। परिवार में पत्नी व दो बच्चों के अलावा पिता किशोरी लाल व अन्य सदस्य हैं। वह पहली मंजिल पर रहता था, जबकि पिता व अन्य सदस्य दूसरी मंजिल पर रहते थे। विक्की का लाल चौक पर अंडे का थोक कारोबार था। शनिवार सुबह पिता पुत्र के बीच झगड़ा हुआ। जिसके बाद विक्की ने पत्नी व बच्ची को जहरीला पदार्थ देने के बाद खुद भी जहर खा लिया। किशोरी लाल ने तीनों को अचेत देखकर सुबह 10.12 बजे पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने विक्की और ललिता को ईएसआई अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, एक पड़ोसी ने बच्ची को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वारदात के समय विक्की का तीन वर्षीय बेटा करीबी पड़ोसी के यहां गया हुआ था। तीन मौत की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर तीनों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस विक्की के पिता से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
प्रॉपर्टी को लेकर पिता से था विवाद
छानबीन में पुलिस को पता चला है कि विक्की का पिता किशोरी लाल के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद था। विक्की चाहता था कि जिस फ्लोर पर उसके पिता रहते हैं, वह भी उसके ही नाम कर दी जाए। जबकि किशोरी लाल इसके लिए तैयार नहीं थे। झगड़े के दौरान अक्सर विक्की जहर खाकर जान देने की बात करता था। परेशान होकर किशोरी लाल ने 2 जनवरी 2017 को सीनियर सिटीजन सेेल, पुलिस मुख्यालय में बेटे के खिलाफ शिकायत दी थी। लेकिन पुलिस ने दोनों के बीच समझौता करवा दिया था। बावजूद दोनों के बीच अक्सर तकरार होती रहती थी।