विश्वभर में पैर पसार चुकी कोरोना की महामारी के बाद देशभर में संपूर्ण लॉकडाउन है। ऐसे में कई मजदूर व निराश्रित लोगों के आगे रोजी रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है। हालांकि, राहत है कि संकट की इस घड़ी में पुलिस से लेकर कई सामाजिक संस्थाओं समेत निजी तौर पर लोगों द्वारा की जाने वाली मदद की सुकून देती तस्वीर देखने को मिल रही है। ऐसे में इस समय यह लोग दिल्ली के हीरो से कम नहीं हैं जो अपनी जान की परवाह किए लोगों की मदद के लिए निकल खड़े हैं। देखें तस्वीरें...
#LadengeCoronaSe: कोरोना से जंग "दिल्ली के हीरो" संग, जान जोखिम में डाल भर रहे दूसरों का पेट
भूखों का पेट भर रही है पुलिस
सख्त रवैया व रौब के लिए जाने जाने वाली दिल्ली पुलिस का दिल भी भूखे लोगों को देखकर पसीज रहा है। यही कारण है कि दिल्ली के चौक चौराहे पर इन दिनों पुलिस द्वारा भूखों का पेट भरा जा रहा है। ऐसे में लोगों के जहन में भी पुलिस को लेकर एक सकारात्मक तस्वीर बन रही है। लोगों का कहना है कि संकट की इस घड़ी में पुलिस भी हमारे लिए जहां एक ओर अपनी ड्यूटी कर फर्ज निभा रही है वहीं, भूखों के पेट को भर कर एक अच्छी मिसाल पेश कर रही है।
गरीबों से कंधा मिलाकर खड़ी हैं सामाजिक संस्थाएं
कोरोना से जंग में इस समय दिल्ली की कई सामाजिक संस्थाएं भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। ये न केवल जरूरतमंदों को जरूरी चीजें मुहैया करवा रही हैं, बल्कि सुबह शाम उनके खाने के लिए भी बंदोबस्त कर रही हैं। एक निजी संस्था के संचालक विनोद त्यागी ने बताया कि जब से देश में संकट की स्थिति उत्पन्न हुई है तब से सामाजिक संस्थाएं मदद के लिए हाथ बढ़ा रही हैं। वह लोगों को खाना उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें कोरोना से बचाव को लेकर भी जागरूक कर रही हैं।
संकट की इस घड़ी में कुछ लोग अपने घरों से लोगों के लिए दूत बन कर निकल रहे हैं। लोग अपने साथ खाने के कुछ पैकेट व दूध समेत अन्य खाद्य सामग्री साथ ले जा रहे हैं और रोड पर रहे बेसहारा लोगों को खाने-पीने का सामान उपलब्ध करा रहे हैं। इसे देख पुलिसकर्मियों के चेहरों पर भी मुस्कान देखने को मिल रही है। जो दिन-रात चौक-चौराहों पर खड़े रहकर लोगों को घर में रहने की अपील कर रहे हैं।