घर से एक साथ उठीं देवरानी-जेठानी की अर्थी, बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर मिली दर्दनाक मौत
वारदात की बर्बरता बयान करते स्थानीय लोग सिहर उठते थे। इस सब में एक सबसे दर्दनाक पहलू भी था, जो सभी को झकझोर रहा था। घर में खुशियों का माहौल था। घटना से कुछ देर पहले ही पूरा परिवार एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौटा था। घर की महिलाएं, युवतियां व अन्य परिजन घर के बाहर ही खड़े होकर एक-दूसरे से हंसी-मजाक और बातें कर रहे थे। आरोपी की कार ने दोनों महिलाओं समेत दो युवकों को भी रौंद दिया।
देवरानी-जेठानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों घायल मौत से जूझ रहे हैं। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही दोनों की अर्थी को परिवार के लोगों ने कंधे पर उठाया तो घर में कोहराम मच गया। एक ही छत के नीचे से दो सुहागिनों की अर्थी निकली तो हर कोई सिहर उठा।
बार-बार बेहोश हो रही थी बेटी व अन्य
महिलाओं की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। एक मृतका की पुत्री व अन्य एक किशोरी करुण विलाप के साथ बार-बार बेहोश हो रही थीं। जिसे अन्य लोग किसी तरह संभाल रहे थे।
भारी सुरक्षा के बीच हुआ अंतिम संस्कार
दोपहर को दोनों महिलाओं का अंतिम संस्कार यमुनापुरम स्थित श्मशान घाट पर किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में विभिन्न थानों का पुलिस फोर्स, एसपी सिटी, एडीएम समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
एसएसपी ने भी किया मौका मुआयना
मंगलवार दोपहर को महिलाओं के अंतिम संस्कार के बाद एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। साथ ही अधीनस्थों को उचित कार्रवाई के निर्देश भी इस दौरान दिए गए।
महिला सुरक्षा समेत क्राइम कंट्रोल में पुलिस फेल: कमल राजन
मामले की जानकारी होने के बाद बसपा जिलाध्यक्ष कमल राजन समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि पुलिस महिला अपराधों के प्रति सचेत नहीं है। मुख्यमंत्री के कानून व्यवस्था संबंधी सभी दावे हवा हवाई साबित हो रहे हैं। सरकार एक ओर तो बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की बात कहती है, वहीं दूसरी ओर महिला अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। इस दौरान भीम आर्मी समेत अन्य दलों के नेता भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में दोनों महिलाओं का अंतिम संस्कार किया गया है। इस दौरान किसी प्रकार की कोई गड़बड़ नहीं हुई है। स्थिति पूरी तरह से सामान्य है।- अतुल कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी