रेप के आरोपों में घिरे बाबा आशु गुरुदेव उर्फ आसिफ खान को कोर्ट ने तीन दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा है। शाहदरा थाना पुलिस ने आशु बाबा को गुरुवार को पहले हिरासत में लिया था। फिर पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया था। आशु गुरुदेव के साथ उसके बेटे को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार है। अपराध शाखा के कार्यालय में गुरुवार देर रात तक पूछताछ की थी।
पुलिस का कहना था कि आरोपी पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा है। बाबा को पूछताछ के लिए बुधवार को नोटिस भेजे गए थे। साथ ही उनके कार्यालयों व घर पर नोटिस चस्पा कराए गए थे। बाबा एफआईआर होने के बाद से आरोपी बेटे के साथ फरार था। अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि आशु उर्फ आसिफ खान को उसके बेटे के साथ शाहदरा जिले के वाहन चोरी निरोधक दस्ते (एएटीएस) प्रभारी संजय शर्मा की टीम ने गाजियाबाद से पकड़ा है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि एएटीएस ने दोनों को अपराध शाखा के हवाले कर दिया। दोनों से बृहस्पतिवार देर रात पूछताछ की जा रही थी। आपको बता दें कि गाजियाबाद की रहने वाली पीड़िता ने बाबा के खिलाफ हौजखास थाने में दुष्कर्म, बेटे व उसके दोस्त द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने, जान से मारने की धमकी देने व बेटी के साथ छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज कर कराया था। बाद में मामले की जांच दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई थी। बाबा आशु के अलावा उसका बेटा व बेटे का दोस्त मामले में आरोपी हैं।
पीड़िता के मंगलवार को कोर्ट में 164 के तहत बयान दर्ज किए गए। अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महिला अपने बयानों पर टिकी हुई है। महिला ने कोर्ट में वहीं बयान दिए हैं जो बयान उसने एफआईआर करवाते समय दिए थे। पीड़िता की नाबालिग बेटी के बुधवार को बयान होंगे। अपराध शाखा के अधिकारी ने बताया कि केस की फाइल मिल गई है और टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाबा आशु का सेक्टर-7, रोहिणी में आश्रम है। दूसरा एक छोटा आश्रम एक्स ब्लाक, हौजखास में है। महिला ने हौजखास थाना पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा था वर्ष 2013 में वह बाबा के रोहिणी स्थित आश्रम में गई थी। वहां उनके मैनेजर ने पीने को शीतल पेय दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई और इसका फायदा उठाकर बाबा व उसके साथी ने उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद वर्ष 2016 में बाबा के बेटे व उसके दोस्त ने उसके साथ दुष्कर्म किया।