दिल्ली पुलिस ने गाजियाबाद, यूपी की महिला के साथ दुष्कर्म व उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किए गए बाबा आशु गुरुदेव उर्फ आसिफ मोहम्मद खान के खिलाफ पुलिस को कुछ ऐसे सबूत मिले हैं जिससे उसका कानून के शिकंजे से बचना मुश्किल हो जाएगा। वहीं पुलिस उसका एक ऐसा टेस्ट करा रही है जिससे काफी हद तक पीड़िता के आरोपों को सच साबित होने में मदद मिल जाएगी।
दिल्ली पुलिस ने आशुभाई का पोटेंसी टेस्ट (मर्दाना टेस्ट) कराया है। इस टेस्ट की रिपोर्ट नहीं मिली है। पुलिस को मोबाइल डिटेल से सबूत मिले हैं कि पीड़िता व आरोपी वारदात वाले दिन एक ही आश्रम में थे। उधर, दिल्ली पुलिस ने बाबा आशु के बेटे समर के दोस्त सौरभ व मैनेजर को पूछताछ में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा है।
अपराध शाखा डीसीपी डा.जी रामगोपाल नायक ने बताया कि आशु का एम्स में पोटेंसी टेस्ट कराया गया है। रिपोर्ट मिलने में समय लग सकता है। पुलिस ने बाबा आशु को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर छापेमारी की है। आरोपी से उन जगहों की निशानदेही करवाई, जहां पीड़िता के साथ वारदात हुई। मोबाइल डिटेल से साफ हो गया है कि वारदात के दिन पीड़िता ने जिन तारीखों को दुष्कर्म करने की बात कही हैं उस दिन बाबा आशु मौके पर था।
साथ ही पीड़िता भी उन जगहों पर थी। पुलिस ने आरोपी व पीड़िता के मोबाइल की एक वर्ष की डिटेल निकलवाई है। इस मामले में आशु बाबा के अलावा बेटा समर, समर का दोस्त सौरभ व बाबा का मैनेजर आरोपी हैं। पुलिस समर से पूछताछ कर रही है।
बाबा आशु का रिमांड खत्म हो रहा है पुलिस ने सबूत जुटाने के लिए आशु गुरुदेव का तीन दिन का रिमांड सोमवार को खत्म हो रहा है। डीसीपी डा.जी रामगोपाल नायक ने बताया कि बाबा को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो उसे फिर रिमांड पर लिया जाएगा।