उत्तराखंड में कोविड कर्फ्यू के कारण कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) में 30 अप्रैल से पर्यटन गतिविधियां बंद होने से पर्यटकों की आवाजाही बंद है। पर्यटकों को सैर-सपाटा कराने वाली जिप्सियों का भी यहां शोर-शराबा नहीं है।
ऐसे में वन्यजीव यहां शांति से स्वच्छंद विचरण कर रहे हैं। इस स्वच्छंद वातावरण में कॉर्बेट के ढिकाला जोन में वनराज और गजराज का आमना-सामना होने की तस्वीरें सामने आई हैं। वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए वन कर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें... फूलों की घाटी: बर्फ के बीच विचरण करते दिखे दुर्लभ प्रजाति के वन्य जीव, ट्रैप कैमरों में कैद हुईं तस्वीरें...
ईको टूरिज्म के रेंजर राजेंद्र सिंह चकरायत ने बताया कि वह एक सप्ताह से ढिकाला जोन में गश्त कर रहे हैं। 22 मई को ठंडी सड़क के पास रास्ते में दो बाघ बैठे दिखे, जबकि पीछे से हाथी मदमस्त चाल से आ रहा था।
हाथी को आता देख बाघ सतर्क हो गए और सड़क से हट गए। हाथी चिंघाड़ते हुए आगे निकला तो उसका सामना एक और बाघ से हो गया। यहां पर हाथी और बाघ आमने-सामने थे।
दोनों कुछ देर तक एक दूसरे को देखते रहे। दोनों ही पीछे हटने को तैयार नहीं थे। ऐसे में अचानक कोई आवाज हुई और बाघ हट गया। रेंजर ने बताया कि अब बाघ भी हाथियों पर हमलावर हो रहे हैं।