प्रदेश भर में बृहस्पतिवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। कई जगहों पर दिन में बारिश हुई तो राजधानी में दिन भर धूप निकलने के बाद शाम को बारिश हुई और कई जगहों पर ओले पड़े।
तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी होने से मौसम ठंडा हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को भी यह सिलसिला जारी रहेगा, लेकिन कहीं भी चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पूरे दिन केदारनाथ में मौसम खराब रहा। इस दौरान तेज हवा चलती रही, जिससे संचार और बिजली की सप्लाई भी बाधित हुई। तेज हवा में उड़ती धूल से केदारपुरी में जमी बर्फ की चादर भी मटमैली हो गई है।
यमुनोत्री के साथ ही पिथौरागढ़ जिले की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। वहीं निचले स्थानों पर बारिश का क्रम जारी है। बारिश के कारण उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे भूस्खलन के कारण करीब दस घंटे बंद रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटे में प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, लगातार दूसरे दिन बारिश हुई। राजधानी सहित कई जगहों पर ओले भी पड़े। हालांकि, बुधवार के मुकाबले दिन में धूप की वजह से राजधानी का तापमान बढ़ गया।