उत्तराखंड के मसूरी में शूटिंग कर रहे अभिनेता शाहिद कपूर की एक फैन ने ऑटोग्राफ के लिए सबके सामने अपनी जैकेट हटा दी। इसे देख आस पास के लोग भी दंग रह गए।
बॉलीवुड फिल्म कबीर सिंह की शूटिंग किताबघर स्थित सवाय होटल में दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रही। शूटिंग के दौरान मिले ब्रेक में शाहिद और कियारा ने बर्फ से ढकी पर्वत की चोटियों का नजारा देखा और जमकर सेल्फी ली।
होटल सवाय के डियर गार्डन और इंग्लिश गार्डन की सीढ़ी में फिल्म के कई सीन फिल्माए गए। उसके बाद होटल की लॉबी में शूटिंग हुई। वहीं कुछ सीन इंडोर भी फिल्माए गए। फिल्म की शूटिंग सुबह करीब साढ़े सात बजे ही शुरू हो गई थी, जिसमें पहला सीन बर्फबारी के बीच शूट किया गया। इस सीन में फिल्म अभिनेत्री कियारा और शाहिद कपूर गाना गा रहे हैं।
सीन में कियारा गार्डन की ओर दौड़ती हुई दिखाई देती है। शाहिद भी पीछे पीछे दौड़ते हुए उनके पास जाते हैं और उन्हें बांहों में भर लेते हैं। उसके बाद शाहिद और कियारा को एक दूसरे पर बर्फ के साथ खेलते हुए सीन शूट किए गए। इस सीन का कई बार रीटेक किया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शाहिद कपूर ने सर्द मौसम से बचने के लिए शूटिंग के बीच कई बार होटल की कैंटीन में जाकर कॉफी पी। शाहिद कपूर, कियारा अपनी यूनिट के साथ शनिवार को होटल से चेकआउट करेंगे। यहां के बाद फिल्म की शूटिंग धनोल्टी में की जानी है।