राजाजी टाईगर रिजर्व पार्क की मोतीचूर रेंज के एक गुलदार ने बृहस्पतिवार शाम टहलने निकले वन दारोगा आनंद सिंह को निवाला बना लिया।
उनका शव शुक्रवार सुबह सौंग नदी पुराने पुल के पास क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मिलने परमौके पर पहुंचे राजाजी टाईगर रिजर्व पार्क के अधिकारियों ने जल्द आदमखोर गुलदार को सर्च करने और पकड़ने की रणनीति पर कार्य शुरू किया।
रायवाला क्षेत्र में आदमखोर गुलदार की पहचान करने और कांबिंग के लिए चीला वनरेंज से हाथिनियां भी लाई गईं हैं। आदमखोर गुलदार तीन साल में 11 लोगों को मौत के घाट उतार चुका है
मूलरूप से वन दारोगा आनंद सिंह पुत्र कालू राम मूल निवासी ग्राम बहुपुरा मोरना, शुक्रताल मुजफ्फरनगर यूपी के रहने वाले थे और चीला और गौहरी रेंज के वार्डन कार्यालय हरिद्वार में सहायक के पद पर तैनात थे। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ सत्यनारायण मंदिर स्थित स्टाफ क्वार्टर में रहते थे।
आनंद बृहस्पतिवार शाम को टहलने निकले थे, लेकिन रात को घर नहीं लौटे। शुक्रवार सुबह परिजनों ने उनके घर नहीं लौटने की सूचना वन विभाग को दी। इसके बाद अनहोनी की आशंका के चलते वनकर्मियों ने स्टाफ क्वार्टर और आसपास के वन क्षेत्र में ढूंढ खोज शुरू की।