भारी विरोध के बीच पुलिस की निगरानी में फिल्म पद्मावत का बुधवार को विशेष पेड शो होगा।
फिल्म रिलीज होने से पहले बुधवार शाम को इसका पेड शो दिखाया जाएगा। इसमें भी फिल्म के टिकट के रेट वही होंगे जो कि शुक्रवार को होंगे। बस फिल्म रिलीज होने से पहले ये एक तरह का स्पेशल शो होगा। हालांकि फिल्म की ऑनलाइन बुकिंग अभी मल्टीप्लेक्स नहीं कर रहे हैं। ऐसे में सीधे सिनेमाघरों से संपर्क करने पर ही इसकी बुकिंग हो सकेगी।
हालांकि मल्टीप्लेक्स शो की ऑनलाइन बुकिंग से बच रहे हैं। यही वजह है कि तीन सिनेमाघरों ने शो का वेबसाइट पर अपडेट दिया, लेकिन कुछ ने हटा भी लिया। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर मल्टीप्लेक्स मालिकों ने फिल्म प्रदर्शित होने तक गार्ड हायर कर लिए हैं। जबकि सिंगल स्क्रीन वालों ने फिल्म दिखाने को लेकर हाथ खड़े कर दिए हैं। बहरहाल विरोध करने वालों ने हर सिनेमाघर के आसपास फिल्म प्रदर्शित नहीं किए जाने संबंधी बैनर-पोस्टर चिपकाए हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म पद्मावत को दिखाने को लेकर हरी झंडी दे दी हो, लेकिन विरोध करने वाले अब भी शांत नहीं हैं। दून में बुधवार को इस फिल्म का पेड शो दिखाया जाना है, लेकिन संचालक साइट पर फिल्म के शो का अपडेट देने से बच रहे हैं। हालांकि यहां सभी मल्टीप्लेक्सों में फिल्म दिखाई जाएगी। बहरहाल फरीदाबाद के सिल्वर सिटी मल्टीप्लेक्स में आगजनी और दून के सिल्वर सिटी में विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सभी मल्टीप्लेक्सों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा रही है।
इसके लिए मल्टीप्लेक्स संचालकों ने अपने स्तर से आठ से दस गार्ड हायर किए हैं। इसके अलावा पुलिस से भी सुरक्षा की मांग की गई है। वहीं सिंगल स्क्रीन वाले सिनेमाघर संचालकों ने फिल्म दिखाने से मना कर दिया है। सूत्रों के अनुसार पेड शो के बाद फिल्म रिलीज करने की पूरी तैयारी है, लेकिन कोई खुलकर बात नहीं कर रहा है।