सावधान: कोई बच्चों को ऑनलाइन धमकाए तो तुरंत पुलिस को बताएं, गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिये जाल में फंसा रहे अपराधी
साइबर अपराधी बच्चों की डिजिटल पहचान और निजी जानकारियों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए वे बच्चों को झांसे में लेकर गूगल अकाउंट का एक्सेस हासिल करने का प्रयास करते हैं। बच्चों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ पासवर्ड, ओटीपी या अकाउंट से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी है।
विस्तार
इंटरनेट की दुनिया में बच्चों की मौजूदगी बढ़ने के साथ ही साइबर अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिये अपराधी बच्चों से दोस्ती कर उन्हें अपने जाल में फंसा रहे हैं। कभी निजी तस्वीरें मांगकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता है तो कभी धमकी देकर पैसे वसूलने और गूगल अकाउंट तक का एक्सेस हासिल करने की कोशिश होती है। मासूम बच्चे इनकी धमकियों से डरकर ओटीपी समेत कई संवेदनशील जानकारी दे देते हैं। इसे देखते हुए साइबर पुलिस ने अभिभावकों और बच्चों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि कोई व्यक्ति निजी तस्वीरें मांगता है, धमकी देता है या अकेले मिलने के लिए दबाव बनाता है तो बच्चे घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी अन्य भरोसेमंद बड़ों को इसकी जानकारी दें। यदि कोई व्यक्ति आपकी तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसे मांगता है तो तुरंत परिजनों को बताएं और पुलिस से शिकायत करें।
UK Top News: हरिद्वार में आस्था का सैलाब, सीएम की बड़ी घोषणा, लाटू मंदिर के कपाट बंद, रायवाला में फायरिंग
बच्चों की बात सुनें, उन पर भरोसा करें
साइबर पुलिस ने अभिभावकों से कहा है कि यदि बच्चा किसी ऑनलाइन धमकी या गलत व्यवहार के बारे में बताता है तो उसे डांटने के बजाय उसकी बात ध्यान से सुनें और उस पर भरोसा करें। बच्चों को यह एहसास होना चाहिए कि किसी भी परेशानी में परिवार उनके साथ खड़ा है। किसी भी साइबर धोखाधड़ी या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत करें।
ये बरतें सावधानियां
1. पैरेंटल कंट्रोल का उपयोग करें, बच्चों को डिजिटल फुटप्रिंट की जानकारी दें।
2. गूगल फैमिली लिंक और स्क्रीन टाइम जैसी सुविधाओं का प्रयोग करें।
3. बच्चों को समझाएं कि वे अजनबियों से जानकारी या तस्वीरें साझा न करें।
4. कोई कहे कि मम्मी-पापा को मत बताना, निजी चैट पर बुलाए, तो तुरंत ब्लॉक करें।
