खूंखार आतंकी समीर भट्ट उर्फ समीर टाइगर को मौत के घाट उतारने वाले मेजर रोहित शुक्ला के पिता ने उन्हें शाबाशी दी है। उनका कहना है कि रोहित मेरा ही नहीं पूरे देश का बेटा है। मुझे फक्र है कि उसने देश के एक बड़े दुश्मन का खात्मा किया। कहा कि वह ऐसे ही आगे बढ़ता रहे हमारी यही दुआ है।
देहरादून निवासी मेजर शुक्ला के पिता एडवोकेट ज्ञान शुक्ला ऑपरेशन खत्म होने के बाद अपने बेटे से फोन पर बात कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि रोहित ने खुद इस घटना की जानकारी हमें दी। उन्होंने बताया कि वह ठीक हैं, अभी इलाज चल रहा है।
आतंकियों के साथ बहादुरी से लड़ने वाले मेजर रोहित को इसके लिए इसी साल शौर्य चक्र से सम्मानित किया जा चुका है। आतंकी समीर टाइगर ने मेजर शुक्ला को धमकी दी थी कि अगर अपनी मां का दूध पिया हो तो सामने आएं, इसके बाद से ही मेजर शुक्ला ने समीर के खात्मे का ताना बाना बुनना शुरू कर दिया था। वह 40 ऑपरेशनों की कमान संभाल चुके हैं। मेजर शुक्ला राजपुताना राइफल्स के हैं।
उन्होंने बताया कि मेजर रोहित शुक्ला को जिस ऑपरेशन के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। उसमें उन्होंने न सिर्फ अपने जवानों को होशियारी से बचाया, बल्कि खूंखार आतंकियों को मौत के घाट भी उतारा था। तब वह कैप्टन थे। उनके काम करने का अंदाज भी अलग है। वह जहां भी तैनात रहते हैं वहां स्थानीय स्तर पर अपना एक ग्रिड तैयार कर लेते हैं।
उन्होंने कहा कि रोहित बचपन से ही देश सेवा लिए सपने देखते थे। आज जब उन्हें यह मौका मिला तो मुझे फ्रक है कि रोहित ने इसे हाथ से जाने नहीं दिया। कहा कि उनके काम करने की प्लानिंग बिल्कुल अलग रहती है। जिसके कारण वह देश के दुश्मनों को साफ करने में कामयाबी हासिल करते रहेेंगे।