मौसम के बदले मिजाज के चलते देर शाम आई आंधी-बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दी, वहीं तेज आंधी के चलते सीएम आवास के पास, क्लेमेंटाउन थाने के पास, पुरकुल और रायपुर रोड पर हाइटेंशन लाइनों पर पेड़ टूटकर गिर जाने से शहर के ज्यादातर इलाकों में बिजली गुल हो गई।
गनीमत रही कि हाइटेंशन लाइनों के ऊपर पेड़ों के गिर जाने से कोई बड़ा हादसा नही हुआ। बारिश की वजह से राजधानी के तापमान में करीब नौ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रायपुर रोड पर हाइटेंशन लाइन पर पेड़ गिर जाने से जहां इस इलाके के दर्जन भर मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई वहीं यातायात बाधित हो गया। घंटाघर से लेकर रायपुर जाने वाले रोड पर जबरदस्त जाम लग गया जिसमें सैकड़ों वाहन फंस गए।
घंटों की मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने जैसे तैसे यातायात बहाल कराया। इसके अलावा लक्ष्मण चौक, खुड़बुडा मोहल्ला, कांवली रोड, तिलक रोड, किशन नगर, राजेंद्र नगर, कौलागढ़ गांव, चुक्खुवाला, तहसील चौक, मोती बाजार, झंडा बाजार, जीएमएस रोड, बंजारावाला, ब्राहमणवाला, चमनपुरी, बल्लूपुर, बल्लीवाला, ईसी रोड समेत शहर के ज्यादातर इलाकों में बिजली गुल रही।
बारिश के दौरान कई इलाकों में जंफर उड़ जाने से मुसीबत और बढ़ गई। बारिश के चलते लाइनमैनों को मरम्मत करने में खासी मुसीबत आयी। बारिश थमने के बाद कुछ इलाकों में तो आपूर्ति बहाल कर दी गई। जबकि कई इलाकों में देर रात तक आपूर्ति बहाल नही की जा सकी।
यूपीसीएल के मुख्य अभियंता एके सिंह ने बताया कि बारिश थमने के साथ ही ज्यादातर इलाकों में आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। जहां पर पेड़ हाइटेंशन लाइनों पर गिरे वहां देर रात तक मरम्मत का काम जारी था।