जानी मानी फिल्म एवं धारावाहिक निर्माता एकता कपूर हाल ही में रिलीज हुई अपनी वेब सीरीज अपहरण की सफलता की कामना लेकर सोमवार की शाम हरिद्वार पहुंची और मां गंगा की पूजा अर्चना की। उन्होंने फिल्म अभिनेत्री माही गिल के साथ गंगा की आरती में भाग लिया और फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए फिल्म निर्माता एकता कपूर ने उत्तराखंड के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड उन्हें बहुत अच्छा लगता है। लेकिन यहां बंदर बहुत हैं जो उन्हें डराते हैं।
साथ ही उन्होंने बताया कि तीर्थों पर भी लोग अपराध और पाप करने से नहीं हिचकते। पिछले महीने भी वे उत्तराखंड आई थी। जहां गंगा आरती के दौरान उनके जूते किसी ने चोरी कर लिए। उन्होंने बताया कि मुंबई जाने के बाद उन्होंने वैसे ही जूते खरीदे। चोरी होने के डर से वे उन जूतों को पहनकर नहीं आई।
एकता कपूर से उनके चचेरे भाई अभिषेक कपूर द्वारा निर्मित विवादित फिल्म केदारनाथ और उसके देश व्यापी विरोध के बारे में प्रतिक्रिया जाननी चाही। एकता कपूर इस पर चुप्पी साध गई। उन्होंने कहा कि वे केवल अपहरण की सफलता की कामना लेकर हरिद्वार आई हैं। इसके अलावा कोई बात नहीं करेगी। उन्होंने केदारनाथ के नाम पर सिर्फ इतना कहा कि अपहरण देखिए और फिल्म को हिट कराइए।
एकता कपूर को पहले अपने पिता फिल्म अभिनेता जितेंद्र के साथ हरिद्वार आना था। ऐनवक्त पर जितेंद्र का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उनका हरिद्वार आने का कार्यक्रम निरस्त हो गया। वे गंगा सभा के कार्यालय में पहुंची जहां स्वागत सचिव प्रदीप झा और जितेंद्र विद्याकुल समेत अन्य तीर्थ पुरोहितों ने उनका स्वागत करते हुए गंगाजलि वा प्रसाद भेंट की।