रुड़की में हुए चाचा भतीजे के डबल मर्डर की कहानी आपके रोंगटे खड़े कर देगी। कातिल ने इस हैवानियत के साथ मर्डर किया कि तस्वीरें आप देख नहीं पाएंगे।
सिविल लाइंस जादूगर रोड निवासी रमेश गुप्ता के पास जिंदल पाइप आदि की एजेंसी हैं। इसके लिए इन्होंने कोतवाली रुड़की अंतर्गत बेलड़ी साल्हापुर गांव में केल्हणपुर मार्ग पर ‘उत्तराखंड पंप एंड पाइप’ नाम से एक गोदाम बना रखा है।
शेरपुर निवासी इंद्र कुमार सैनी (70 वर्ष) और उनका भतीजा मेघराज सिंह सैनी (50 वर्ष) कई दिन से गोदाम में चौकीदारी कर रहे थे। शनिवार रात भी चाचा-भतीजे चौकीदारी करने पहुंचे थे। रविवार सुबह करीब सवा सात बजे हिसार निवासी चालक राममेहर जिंदल फैक्ट्री (हिसार) से ट्रक में पाइप आदि लेकर गोदाम पहुंचा। इसके मुख्य गेट का छोटा दरवाजा खुला था।
चालक जब अंदर गया तो गेट के बराबर में लगी टीन के नीचे दो लकड़ी के तख्त पड़े हुए थे। इनमें से एक पर इंद्र कुमार और दूसरे पर मेघराज पड़ा हुआ था। दोनों के ऊपर चादर थी। चालक ने उठाने के लिए उन्हें हिलाया तो दोनों को खून से लथपथ देख होश उड़ गए। उसने तुरंत इसकी सूचना गोदाम मालिक रमेश गुप्ता को दी।
रमेश गुप्ता ने कोतवाली रुड़की पुलिस को इसकी जानकारी दी। डबल मर्डर की सूचना पर पुलिस और गोदाम मालिक मौके पर पहुंचे। इंद्र कुमार और मेघराज सिंह के सिर और कनपटी पर किसी धारदार हथियार से हमलाकर हत्या की गई थी। दोनों के कान कटे हुए थे। गोदाम में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, लेकिन बदमाश इसे उखाड़कर ले गए थे।