दो पक्षों में हुई अंधाधुंध फायरिंग का खामियाजा एक चार साल के मासूम को भुगतना पड़ा। उसकी मौत से परिवार सदमे में है।
जरा सी बात पर दो पक्षों में चल गई गोलियां, खून-खराबे में चार साल के मासूम की मौत, दर्दनाक तस्वीरें
हरिद्वार के लक्सर स्थितजैनपुर मतलूबपुरा में दो पक्षों में हुई अंधाधुंध फायरिंग में चार साल का बच्चा गोली लगने से घायल हो गया। जिला अस्पताल में उपचार से दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने छापा मारकर एक राइफल और एक बंदूक को कब्जे में ले लिया। आरोपी गांव से फरार हो गए। पुलिस बल गांव में डेरा डाले गए है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर मतलूबपूरा गांव निवासी करमूदीन ने बुधवार को अपने खेत में सिंचाई की थी। बताया जाता है कि सिंचाई के दौरान उसके खेत की मेड़ टूट गई और पानी पड़ोसी सैयाद उर्फ कल्लू के खेत में भर गया। सैयाद ने अपने खेत को गन्ने की बुवाई करने के लिए तैयार किया हुआ था।
बृहस्पतिवार को जैसे ही सैयाद मजदूरों के साथ खेत में गन्ने की बुआई को लेकर पहुंचा, तो खेत में पानी भरा पड़ा था। इस पर सैयाद आग बबूला हो गया। सैयाद अपने पक्ष के हुसैन आदि कई लोगों को साथ लेकर लाइसेंसी हथियारों से लैंस होकर करमूदीन के घर पर पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग से गांव में अफरातफरी मच गई। फायरिंग के दौरान फरजान का चार वर्षीय बेटा कामरान घटना स्थल के आसपास खेल रहा था। एक गोली कामरान के सिर में जा लगी।
परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, लेकिन इस दौरान चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इसी बीच सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए।